बिहारः पहले ही प्रयास में ओम प्रकाश गुप्ता ने BPSC में हासिल किया प्रथम स्थान, पिता चलाते हैं दुकान
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग की तरफ से आयोजित 64वीं बीपीएससी का रिजल्ट घोषित कर दिया गया, जिसमें पटना से सटे फतुहा के रहने वाले ओम प्रकाश गुप्ता ने पहले ही प्रयास में प्रथम स्थान हासिल किया है। सोनारू गांव के रहने वाले ओम प्रकाश गुप्ता के पिता बिंदेश्वर साव किराना का दुकान चलाते हैं। बेटे की सफलता से जहां माता-पिता फूले नहीं समा रहे हैं। वहीं गांव के लोग ओम प्रकाश की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। साल 2006 में फतुहा हाई स्कूल से ओम प्रकाश ने मैट्रिक की परीक्षा और 2008 में एसकेएमवी कॉलेज से इंटर की परीक्षा पास किया।

इसके बाद ओम प्रकाश गुप्ता ने आईआईटी रुड़की से बी-टेक की पढ़ाई की। पढ़ाई पूरी होने के बाद कई कंपनियों से ऑफर आए, लेकिन ओम प्रकाश गुप्ता ने निजी कंपनियों में नौकरी करने की बजाए घर की माली हालत को देखते हुए अगले 5 सालों तक पटना में आईआईटी की तैयारी करने वाले छात्रों को ट्यूशन पढ़ाया। इस दौरान वह प्रशासनिक सेवा की तैयारियों में जुटे रहे।
मीडिया से बात करते हुए ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मैं बिहार में बेरोजगारी के दुष्चक्र को तोड़ना चाहता हूं । मैंने साल 2008 में पहले प्रयास में IIT के लिए अर्हता प्राप्त की, फिर मैंने 5 साल तक शिक्षक के रूप में सेवा की। तैयारी के लिए पूरा समय देने के लिए मैंने 2017 में पढ़ाना छोड़ दिया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मैंने पहली रैंक हासिल करने की कल्पना भी नहीं की थी। मैं वाकई रोमांचित हूं। मेरा उद्देश्य लोगों को कुशल, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान करना है।












Click it and Unblock the Notifications