Bihar Bandh Highlights: NDA के बंद का पूरे बिहार में दिखा असर, कहीं आगजनी तो कहीं सड़कों को किया जाम
Bihar Bandh Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर की गई टिप्पणी ने बिहार की सियासत गरमा दी। इसके विरोध में एनडीए ने 4 सितंबर को पांच घंटे का बंद बुलाया। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चला यह बंद पूरे राज्य में दिखा। जगह-जगह सड़कें जाम रहीं। दुकानों के शटर गिरे। नारों की गूंज सुनाई दी। बंद खत्म हो चुका है, लेकिन कई शहरों में इसका असर अभी भी देखने को मिल रहा है।
राजधानी पटना में एनडीए कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कई जगह जुलूस निकाला गया और महागठबंधन पर जमकर नारेबाजी हुई। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और लगभग 2000 जवानों को तैनात किया गया था।

गया, दानापुर और बेगूसराय में विरोध
गया और दानापुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बेगूसराय में खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, जेडीयू विधायक राजकुमार सिंह और भाजपा के जिला अध्यक्ष ने सड़कों पर उतरकर यातायात ठप कराया। हाजीपुर में एनडीए कार्यकर्ताओं ने हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 समेत कई सड़कों को जाम किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और चक्का जाम से लोगों को दिक्कत हुई।
जमुई और सीतामढ़ी में दिखा असर
जमुई के कचहरी चौक पर कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर 'मोदी जी की मां का अपमान नहीं सहेंगे' के नारे लगाए। वहीं, सीतामढ़ी में महिला नेताओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया।
महिलाएं भी उतरीं सड़कों पर
बीजेपी नेता संजय मायुख ने कहा कि बिहार की माताएं और बहनें भी इस बंद में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि गाली देकर कोई भाग नहीं सकता, जनता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को जवाब देगी।












Click it and Unblock the Notifications