'क्या गुजरात के दो लोग तय करेंगे बिहारी का वोट?' बिहार बंद के दौरान भड़के Tejashwi Yadav
Bihar Bandh 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 की दस्तक से पहले सियासी संग्राम तेज़ हो गया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) को लेकर राजनीतिक पारा अपने चरम पर है। विपक्षी महागठबंधन ने इस प्रक्रिया को जनविरोधी और लोकतंत्र के खिलाफ साजिश बताते हुए मोर्चा खोल दिया है। चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए महागठबंधन ने साफ कहा है कि यह कवायद गरीब, दलित और वंचित तबकों के वोटिंग अधिकार को छीनने की एक सोची-समझी रणनीति है। इसी के खिलाफ अब राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन ने पटना की सड़कों पर हल्लाबोल किया है।
राजधानी पटना से लेकर राज्य के अन्य हिस्सों तक 'बिहार बंद' के तहत विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। आरजेडी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं, नारेबाजी कर रहे हैं और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं।

तेजस्वी यादव का पीएम मोदी का बड़ा हमला
वहीं 'बिहार बंद' को लेकर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि, 'चुनाव आयोग अब एक राजनीतिक पार्टी का विंग बन गया है... क्या अब गुजरात से आए दो लोग तय करेंगे कि बिहार का कौन वोटर वोट दे सकता है और कौन नहीं? तेजस्वी यादव ने यह बयान 'बिहार बंद' के दौरान दिया, जो मतदाता सूची में कथित धांधली और गरीबों के अधिकारों के हनन के खिलाफ बुलाया गया है।
'उनकी पेंशन छीनी जाएगी'
तेजस्वी ने आगे कहा, 'चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता खो चुका है। बड़े पैमाने पर गरीबों के नाम मतदाता सूची से हटाने की तैयारी चल रही है। पहले उनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाएंगे, फिर उनकी पेंशन छीनी जाएगी, और आखिर में उनके राशन तक पर हमला होगा।'
क्या हम पाकिस्तान या चीन से आए हैं?- पप्पू यादव
दूसरी ओर, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी 'बिहार बंद' के समर्थन में पूरी ताक़त के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर रेल यातायात को रोक दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला और कहा, चुनाव आयोग हमें हमारी नागरिकता पर सवाल करने वाला कौन होता है? मैं यहीं पैदा हुआ हूं, मेरे पूर्वज भी यहीं पैदा हुए थे। क्या हम पाकिस्तान या चीन से आए हैं? अगर नहीं, तो फिर हमें वोट देने से कौन रोक सकता है?
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब भाजपा की 'बी टीम' की तरह काम कर रहा है। उन्होंने कहा, अगर हम भारतीय नहीं होते तो इतने सालों से वोट कैसे डाल रहे थे? अब हमारे वोट देने के अधिकार पर सीधा हमला हो रहा है। यह 'बिहार बंद' का फैसला राहुल गांधी के नेतृत्व में लिया गया है और हम पूरी ताक़त से इसका समर्थन करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications