बिहार में एक और पत्रकार पर हुआ हमला, घर लौटते वक्त रास्ते में मारी गोली
सासाराम। देशभर में पत्रकारों पर हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। बिहार में एक बार फिर एक पत्रकार की हत्या करने का प्रयास किया गया है। खबर सासाराम की है जहां एक हिंदी दैनिक के पत्रकार पर अपराधियों ने गोली चला दी। घायल अवस्था में पत्रकार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। पत्रकार पर उस वक्त हमला हुआ जब वे अखबार के ही किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। हत्या के कारण पर अपराधियों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

घटना सासाराम की देर रात को घटित हुई। एक हिंदी दैनिक के पत्रकार को अपराधियों ने गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना संझौली थाना के जिगनी पुल के पास की है। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि संझौली के दैनिक भास्कर हिंदी अखबार के प्रखंड संवाददाता विंध्याचल उपाध्याय अपने एक सहयोगी के साथ बाइक से ही सासाराम से अपने घर संझौली के ही खैरा भुतहा लौट रहे थे।
इसी बीच घात लगाए अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। दो गोली उनके कंधे पर लगी है। घायल स्थिति में पत्रकार विंध्याचल उपाध्याय को बिक्रमगंज के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि विंध्याचल उपाध्याय जिला मुख्यालय सासाराम में आयोजित अखबार के ही एक कार्यक्रम से लौट रहे थे, जब यह घटना हुई। घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। फिलहाल परिजन सशंकित हैं। वहीं पुलिस मामले की तहकीकात में लग गई है।












Click it and Unblock the Notifications