Bihar Chunav 2025: JDU के खिलाफ बागी रुख अपनाने वाले नेताओं पर पार्टी की कड़ी कार्रवाई, संगठन की सुरक्षित!
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर जनता दल (यूनाइटेड) ने संगठन के भीतर बगावत को लेकर सख्त कदम उठाया है। पार्टी ने निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ रहे 11 बागी नेताओं को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है।
प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि इन नेताओं ने पार्टी की विचारधारा, अनुशासन और संगठनात्मक आचरण के खिलाफ कार्य किया है। इसी आधार पर इन्हें प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करते हुए पूरी तरह से निष्कासित किया गया है।

बागी नेताओं की सूची और उनके क्षेत्र
निष्कासित नेताओं में पूर्व मंत्री शैलेश कुमार (जमालपुर, मुंगेर), पूर्व विधायक संजय प्रसाद (चकाई, जमुई), पूर्व एमएलसी श्याम बहादुर सिंह (बड़हरिया, सीवान), रणविजय सिंह (बड़हरा, भोजपुर), सुदर्शन कुमार (बरबीघा, शेखपुरा), अमर कुमार सिंह (साहेबपुर कमाल, बेगूसराय), आसमा परवीन (महुआ, वैशाली), लव कुमार (नवीनगर, औरंगाबाद), आशा सुमन (कदवा, कटिहार), दिव्यांशु भारद्वाज (मोतिहारी, पूर्वी चंपारण) और विवेक शुक्ला (जीरादेई, सीवान) शामिल हैं।
जेडीयू ने स्पष्ट किया कि इन सभी नेताओं ने पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ मैदान में उतरकर संगठन की छवि को नुकसान पहुँचाया है। पार्टी ने कहा कि किसी भी बागी रुख को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पहले चरण में JDU की सीट और मुकाबला
बिहार में पहले चरण की 121 सीटों पर मतदान होगा, जिनमें जेडीयू ने 57 सीटों पर चुनावी मैदान में भाग लिया है। इनमें 36 सीटों पर आरजेडी से सीधी टक्कर है, 13 सीट पर कांग्रेस से मुकाबला है, सात सीट पर सीपीआई माले, और दो सीटों पर मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी के साथ मुकाबला है।
इसके अलावा पहले चरण में 23 सीट पर आरजेडी और बीजेपी का मुकाबला है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधे मुकाबले केवल 13 सीटों पर होंगे। चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (आर) 10 सीटों पर आरजेडी से भिड़ेगी, जबकि भाकपा-माले पांच सीटों पर बीजेपी से मुकाबला करेगी। मुकेश सहनी की वीआईपी चार सीट पर बीजेपी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ेगी, और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम के दोनों उम्मीदवार आरजेडी से मुकाबला करेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव की तिथियाँ और सीट बंटवारा
बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को आयोजित होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। एनडीए ने सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय करते हुए घोषणा की थी कि जेडीयू और बीजेपी 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें, और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 6-6 सीटें दी गई हैं। सभी पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की सूची भी घोषित कर दी है।











Click it and Unblock the Notifications