बिहारः पोस्टर के जरिये सीएम पर पलटवार, लिखा- मारते रहे बस पलटी, नीतीश की हर बात कच्ची
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में पोस्टर के जरिये राजनीतिक लड़ाई हो रही है। पक्ष से लेकर विपक्ष तक प्रतिदिन एक-दूसरे के खिलाफ पोस्टर के जरिये हमला कर रहा है। ताजा मामला एक सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ लगाई गई होर्डिंग्स का है। होर्डिंग में पीएम मोदी को यह कहते हुए दिखाया गया है कि सीएम नीतीश कुमार के डीएनए में खोट है। बता दें कि इससे पहले सत्ता पक्ष की तरफ से पोस्टर जारी किया गया था, जिसमें राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार को बिहार पर भार बताया गया।

बुधवार को पटना की सड़कों पर सीएम नीतीश कुमार को घेरती होर्डिंग्स नजर आ रही हैं। पोस्टर में नीचे लिखा गया है कि मारते रहे बस पलटी, नीतीश की हर बात कच्ची। हालांकि इस बात की जानकारी नहीं है कि किसने यह पोस्टर लगाया है। लेकिन इसमें दर्ज बातें लालू यादव के बेटे व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित पूरा लालू परिवार व महागठबंधन के घटक दल हमेशा कहते रहे हैं।
होर्डिंग में बीते विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए उस डीएनए वाले बयान का संदर्भ लिया गया है, जिसे तब नीतीश कुमार ने बिहार की अस्मिता से जोड़कर राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया था। तब नीतीश कुमार महागठबंधन (Grand Alliance) में लालू प्रसाद यादव के साथ थे। उसी तस्वीर व बैकग्राउंड के साथ एक अन्य होर्डिंग में बिहार की जनता को पीएम मोदी से सवाल करते कोट किया गया है कि जब जनता ने उनकी पार्टी को विपक्ष में बैठाया था तो वह सत्ता की मलाई कैसे खा रही है?












Click it and Unblock the Notifications