Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में चिराग की अलग पहचान की हुंकार, बहुजन सम्मेलन से दिखेगी लोजपा की ताकत

Bihar Assembly Election 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले सियासी हलचलें तेज हो चुकी हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीतियों को धार दे रहे हैं, वहीं छोटे और क्षेत्रीय दल अब सहयोगी दलों पर दबाव बनाने की राजनीति पर उतर आए हैं।

एनडीए गठबंधन में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यानी लोजपा के सुप्रीमो नेता चिराग पासवान ने अब स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव 2025 में "स्वतंत्र पहचान" के साथ भागीदारी करेगी।

Bihar-Assembly-Election-2025

Bihar Assembly Election 2025: सीट शेयरिंग से पहले चिराग का खेला

16 मई को राजधानी पटना में लोजपा(रामविलास) की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी की ओर से कई प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें सबसे अहम प्रस्ताव था कि पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए गठबंधन के भीतर रहकर भी अपनी "स्वतंत्र राजनीतिक पहचान" के साथ चुनाव लड़ेगी।

पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि बैठक में पारित प्रस्ताव पार्टी की भावी दिशा को स्पष्ट करते हैं। इससे यह संकेत साफ हो गया कि लोजपा अब एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर समझौता करने के बजाय अधिक हिस्सेदारी के लिए दबाव बनाएगी।

Bihar Assembly Election 2025: 'बहुजन भीम सम्मेलन' से दिखेगी पार्टी की ताकत

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चिराग पासवान ने यह रणनीति सोच-समझकर बनाई है। स्वतंत्र पहचान की बात कहकर चिराग ने सीधे तौर पर बीजेपी और अन्य सहयोगी दलों को यह संकेत दे दिया है कि लोजपा अब किसी भी हाल में सीटों को लेकर कमजोर भूमिका में नहीं रहना चाहती।

बिहार में यह आम चलन बन चुका है कि छोटे दल चुनाव से पहले अधिक सीटों के लिए "प्रेशर पॉलिटिक्स" अपनाते हैं। यही रणनीति अब चिराग पासवान भी आजमा रहे हैं। लोजपा(रामविलास) की रणनीति केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं है। पार्टी ने प्रदेशभर में "बहुजन भीम संवाद" नाम से सम्मेलनों की एक श्रृंखला शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी का उद्देश्य है कि बहुजन समाज के मुद्दों को उठाते हुए जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत की जाए।

यह सम्मेलन केवल सामाजिक जुड़ाव के लिहाज से ही अहम नहीं है बल्कि सियासी शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। चिराग पासवान इस कार्यक्रम के जरिए बीजेपी को यह जताना चाहते हैं कि लोजपा की जमीनी पकड़ मजबूत है और उसे नजरअंदाज करना एनडीए के लिए घाटे का सौदा हो सकता है।

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: सीट बंटवारे को लेकर सियासी दौड़ तेज

बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों में बीजेपी और जेडीयू के बीच लंबे समय से सीटों को लेकर खींचतान चली आ रही है। पिछली बार 100-101 सीटों का संतुलन बनाकर चुनाव लड़ा गया था। ऐसे में बची हुई 42-43 सीटों को लेकर अब कुशवाहा, मांझी और चिराग पासवान की पार्टियों में रेस शुरू हो गई है।

लोजपा(रामविलास) को जो सीटें प्रस्तावित की जा रही हैं, वो पार्टी नेतृत्व को मंज़ूर नहीं हैं। ऐसे में बहुजन भीम सम्मेलन के माध्यम से पार्टी अपनी जनाधार की ताकत दिखाकर एनडीए में खुद को एक निर्णायक ताकत के रूप में पेश करना चाहती है। हालांकि अभी तक चिराग पासवान ने एनडीए से अलग होने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन स्वतंत्र पहचान की बात करना और अलग कार्यक्रम आयोजित करना इस ओर संकेत कर रहा है कि अगर सीट बंटवारे में न्याय नहीं मिला तो लोजपा(रामविलास) कोई बड़ा कदम उठा सकती है।

2020 के विधानसभा चुनाव में लोजपा ने एनडीए के खिलाफ कई सीटों पर अकेले उम्मीदवार उतारे थे, जिससे जेडीयू को खासा नुकसान हुआ था। ऐसे में बीजेपी भी इस बार कोई रिस्क लेना नहीं चाहेगी, लेकिन चिराग की रणनीति साफ तौर पर बीजेपी पर सीटें बढ़ाने के लिए दबाव बनाने की दिशा में है।

Bihar Vidhansabha Chunav 2025: चुनाव से पहले एनडीए में सियासी समीकरणों की उठा-पटक

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले लोजपा(रामविलास) की ओर से किए गए राजनीतिक ऐलान ने एनडीए के भीतर सीटों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। चिराग पासवान अपनी पार्टी को एक मज़बूत साझेदार के रूप में पेश कर रहे हैं और अपने दम पर राजनीतिक अस्तित्व को साबित करने में जुटे हैं।

अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में बीजेपी और एनडीए लोजपा(रामविलास) की इन मांगों को कैसे लेती है और क्या चिराग को उनकी मनचाही सीटें मिलती हैं या गठबंधन की राजनीति एक बार फिर नए मोड़ पर पहुंचती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+