भोजपुरः जिले में 119 कोरोना मरीज लापता, संक्रमण बढ़ने का खतरा
भोजपुर। एक तरफ प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले दिन-प्रतिदिन तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। वहीं आए दिन स्वास्थ्य विभाग की कई गंभीर लापरवाही सामने आ रही हैं। ताजा मामला बिहार के भोजपुर जिले का है, जहां आइसोलेशन कम ट्रीटमेंट सेंटर जैसे कोरोना अस्पतालों से भी मरीज लापता हो रहा हैं। न्यूज 18 के मुताबिक जिले के तीन अलग-अलग सेंटरों से 119 मरीजों के लापता होने की खबर है।

जिले के आरा, पीरो और जगदीशपुर के तीन सेंटरों से मरीज गायब हुए हैं। शुक्रवार को जगदीशपुर के आइसोलेशन कम ट्रीटमेंट सेंटर में 26 मरीजों में से तीन मरीज को होम आइसोलेशन में भेजा गया था लेकिन वहां 23 की जगह 20 मरीज ही मौजूद थे। बाकी गायब तीन मरीजों की खोजबीन में अस्पताल प्रशासन के हाथ-पांव फूले हुए हैं।
बता दें कि शुक्रवार को पीरो में 12 मरीज थे, जबकि आरा स्थित आइसोलेशन कम ट्रीटमेंट सेंटर से एक मरीज को डिस्चार्ज किए जाने के बाद वहां 59 मरीज बचे थे। शुक्रवार को जिला प्रशासन ने प्रेस नोट जारी कर एक्टिव संक्रमितों की संख्या 213 बताई गई थी। जबकि उस दिन जिले के तीन आइसोलेशन सेंटर में महज 91 संक्रमित मरीज ही मौजूद थे और तीन को होम आइसोलेशन में भेजा गया था। इस तरह आइसोलेशन सेंटर से लापता हुए 119 मरीजों की खोज जारी है।
रोजाना कोरोना के मरीजों से संबंधित जानकारी मीडिया को उपलब्ध कराने वाली जिला जन संपर्क पदाधिकारी रश्मि चौधरी ने भी कोरोना से संबंधित आंकड़ों में हुई गड़बड़ी को स्वीकार करते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए गए गलत आंकड़ों के कारण ये गड़बड़िया सामने आ रही हैं। वो इन गड़बड़ियों को शीघ्र ही दुरूस्त कर लेने की बात कह रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications