Bharat Tiwari Encounter Case: न्याय में देरी अन्याय - मां का छलका दर्द, 'भरत तिवारी संघर्ष वाहिनी' का ऐलान
Bharat Tiwari Encounter Case: भोजपुर बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग अब एक नया मोड ले रही है। घटना के महीनों बीत जाने के बाद भी सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आहत पीड़ित परिवार ने अब आर-पार की कानूनी और सामाजिक लड़ाई लड़ने का फैसला किया है। इसी कड़ी में बुधवार को राजधानी पटना में एक महत्वपूर्ण संवाददाता सम्मेलन के दौरान 'भरत तिवारी संघर्ष वाहिनी' नामक एक नए संगठन के गठन का ऐलान किया गया।
संगठन के गठन का मुख्य उद्देश्य न केवल भरत तिवारी के लिए न्याय सुनिश्चित करना है, बल्कि राज्य और देश भर में पुलिसिया प्रताड़ना और न्याय में देरी के शिकार अन्य पीड़ित परिवारों को भी मंच प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद भी कार्रवाई सुस्त: परिवार
पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मृतक भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि उन्हें आज भी न्याय की पूरी आस है, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती और कार्रवाई में हो रही देरी ने परिवार की पीड़ा को और बढ़ा दिया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री से भी हुई थी, जहां से उन्हें न्याय का ठोस आश्वासन मिला था।
महीनों बीत जाने के इसके बावजूद अभी तक मुकदमे में नामजद सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मृतक भरत की मां आशा देवी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है और अधिकारी केवल कागजी प्रक्रिया में उलझे हुए हैं। उन्होंने दोटूक कहा कि वे न्याय की गुहार लेकर एक बार फिर मुख्यमंत्री से मिलेंगी और इस लड़ाई को कमजोर नहीं पड़ने देंगी।
'जस्टिस डिलेयेड इज जस्टिस डिनायड - न्याय में देरी अन्याय के समान'
'भरत तिवारी संघर्ष वाहिनी' के अध्यक्ष के रूप में अजीत सिंह के नाम की घोषणा करते हुए परिजनों ने स्पष्ट किया कि अब यह लड़ाई व्यक्तिगत नहीं रह गई है। वाहिनी के अध्यक्ष अजीत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, "न्याय मिलने में देरी होना एक प्रकार से अन्याय के समान है।" उन्होंने कहा कि वे शुरुआत से इस पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहे हैं और अब इस वाहिनी के जरिए बिहार ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में भी यदि किसी निर्दोष परिवार के साथ अन्याय होगा, तो यह संगठन उनकी आवाज उठाएगा और कानूनी मदद मुहैया कराएगा।
क्या है पूरा मामला और क्यों गरमाई है सियासत?
गौरतलब है कि यह पूरा प्रकरण 17 जून को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुई पुलिस मुठभेड़ से जुड़ा है। पुलिस कार्रवाई में भरत तिवारी की मौत के बाद से ही यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। परिजनों ने इस पूरी कार्रवाई को 'फर्जी एनकाउंटर' करार देते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना उच्च न्यायालय से लेकर न्यायिक जांच आयोग तक स्तर पर प्रक्रियाएं चल रही हैं। अदालत ने भी मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और वीडियो डेटा को सुरक्षित रखने के कड़े निर्देश दिए हैं। हालांकि, सिर्फ एक आरोपी की गिरफ्तारी और बाकी नामजद पुलिसकर्मियों पर ठोस कार्रवाई न होने के कारण परिवार और समर्थकों में लगातार रोष व्याप्त है।
'भरत तिवारी संघर्ष वाहिनी' के गठन के बाद अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासनिक मशीनरी और जांच एजेंसियां इस मामले में कितनी तेजी से और निष्पक्षता से आगे बढ़ती हैं, ताकि पीड़ित परिवार को संतोषजनक न्याय मिल सके।


Click it and Unblock the Notifications
