भरत भूषण एनकाउंटर केस में नया मोड़, SDO-DSP समेत 15 पुलिसकर्मियों को किया गया समन, पिस्टल भी जब्त
Bharat Bhushan Encounter Case: भोजपुर के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले की जांच अब तेजी से आगे बढ़ रही है। इस मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस केस की जांच कर रहे न्यायिक आयोग ने अब घटना से जुड़े 15 पुलिस अधिकारियों और जवानों को गवाही के लिए समन किया है। इनमें जगदीशपुर के SDO, तत्कालीन DSP, तत्कालीन शाहपुर थानाध्यक्ष, दारोगा, ASI, STF के जवान, ड्राइवर, हवलदार और DSP के बॉडीगार्ड समेत कई पुलिसकर्मी शामिल हैं।
सभी को अलग-अलग तारीखों पर आयोग के सामने पेश होकर अपना बयान दर्ज कराना होगा। आयोग चाहता है कि घटना के समय मौजूद सभी अधिकारी अपना पक्ष रखें, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। दूसरी ओर, एनकाउंटर में इस्तेमाल हुए हथियारों की फोरेंसिक जांच भी शुरू कर दी गई है।

कई सरकारी सर्विस पिस्टल जब्त कर FSL भेजी जा रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि गवाहों के बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट जांच में अहम भूमिका निभाएंगे। 17 जून को शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत भूषण तिवारी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। घटना के बाद उसके परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। इसके बाद पूरे मामले की न्यायिक जांच का फैसला लिया गया।
ये भी पढ़ें: पटना के बंटी किडनैपिंग-मर्डर केस के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, हत्या के बाद नेपाल भागने की कर रहा था कोशिश
16 और 17 जुलाई को होगी सुनवाई
समन के अनुसार, सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को 16 और 17 जुलाई को आयोग के सामने उपस्थित होना है। आयोग घटना के हर पहलू को समझने के लिए पुलिस टीम से सवाल करेगा और उनके बयान रिकॉर्ड करेगा। इसके बाद आगे की जांच तय की जाएगी। जांच के दौरान पुलिस ने एनकाउंटर में इस्तेमाल हुए हथियारों की वैज्ञानिक जांच भी शुरू कर दी है। तत्कालीन जगदीशपुर डीएसपी के बॉडीगार्ड, एक दारोगा और एक एएसआई की सरकारी सर्विस पिस्टल जब्त की गई है। इन्हें बैलिस्टिक जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा।
इससे पहले तत्कालीन शाहपुर थानाध्यक्ष की सरकारी पिस्टल, एसटीएफ के एक जवान की सर्विस पिस्टल और भरत भूषण तिवारी के पास से मिली पिस्टल भी जांच के लिए जब्त की जा चुकी हैं। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इन हथियारों की रिपोर्ट से घटना से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिलेंगे।
गवाही और रिपोर्ट पर टिकी जांच
आयोग फिलहाल गवाहों के बयान, पुलिस अधिकारियों की गवाही और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। इन सभी तथ्यों को मिलाकर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि एनकाउंटर के दौरान क्या हुआ था और पूरी कार्रवाई किन परिस्थितियों में हुई।
भरत भूषण तिवारी की मौत के बाद उसके परिजनों ने पुलिस की कहानी पर सवाल उठाए थे और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसी के बाद न्यायिक आयोग का गठन किया गया। अब आयोग गवाहों, पुलिस अधिकारियों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रहा है।
ये भी पढ़ें: Bharat Tiwari Encounter: 9 जुलाई से भूख हड़ताल पर बैठेंगी भरत तिवारी की मां, परिवार ने सरकार को दी चेतावनी


Click it and Unblock the Notifications
