छत्तीसगढ में भारत बंद का जानिए हाल, सड़कों पर निकले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता
रायपुर। छ्त्तीसगढ़ में भी किसानों के भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में किसानों के साथ-साथ विपक्ष भी सड़कों पर नजर आ रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी प्रदर्शन में मौजूद हैं। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ट्रैक्टर पर सवार होकर रायपुर के जय स्तंभ तक पहुंचे। रायपुर के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी यही हाल है। राज्य में कांग्रेस के अलावा अन्य राजनीतिक दलों ने किसानों के भारत बंद का समर्थन किया है। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता ने विवादित बयान दे दिया।
Recommended Video

प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि जो पाकिस्तान का दिया खाते हैं, वह किसान आंदोलन के खिलाफ हैं। इसके बाद से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। हालांकि बिलासपुर में भारत बंद का कुछ ज्यादा असर दिख नहीं रहा है। जिले में दुकानें अपने समय से खुलीं। जिले के तिफरा इलाके में व्यापारियों ने तो भारत बंद का विरोध कर दिया। बिलासपुर में व्यापक बंद का असर दोपहर में दिखने की संभावना जताई जा रही है।

वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर मौजूद हैं। किसानों के इस भारत बंद व्यापारियों ने कुछ ज्यादा दिलचस्पी दिखाई नहीं दी। धमतरी जिले में कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ता सुबह से शहर बंद कराने के लिए घूम रहे हैं। हालांकि इस प्रदर्शन में जिले के किसान ही शामिल नहीं दिखाई दिये। सभी चौक पर बड़ी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं राजनांदगांव में भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिला। यहां चेंबर ऑफ कॉमर्स ने दोपहर 2 बजे तक पूरे शहर में तमाम व्यवसायिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया है।
फिलहाल शहर में छोटे-छोटे होटल पान ठेले ही खुले नजर आए। वहीं महासमुंद जिले में कांग्रेसी नेताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और खुद को किसानों के साथ बताया। जिले में सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। कांग्रेस और किसान संगठन के साथ आम आदमी पार्टी के नेता व्यवसायिक संस्थानों और बाजारों को बंद करवाने निकले हैं।












Click it and Unblock the Notifications