भागलपुरः पति के लिए काल बनकर आई 6 बच्चों की मां, प्रेमी के साथ हो गई थी फरार
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम-प्रसंग को लेकर 6 बच्चों की मां ने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने में पत्नी के प्रेमी ने भी साथ निभाया। यह हैरान कर देने वाली घटना जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र की है। हालांकि पुलिस ने आरोपित पत्नी मीना देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपित प्रेमी पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा है, जिसकी खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है।

हत्यारोपित महिला के 6 बच्चे हैं
बताया जा रहा है कि पत्नी ने पति का घर और जमीन बेच दिया फिर प्रेमी के साथ फरार हो गई। इसके बाद वो वापस भी आ गई। घर लौटने के बाद पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा होने लगा था। इसके चलते महिला ने अपने पति का गला दबाकर मार दिया। आरोपित महिला के 6 बच्चे हैं।

महिला ने बेच दी थी जमीन
घटना की जानकारी देते हुए हत्यारोपित महिला के बेटे ने बताया कि मां का कृष्णा जट्टा नाम के एक शख्स से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कई बार प्रेमी के साथ वह भाग चुकी थी। मां ने पिता के सजौर थाना क्षेत्र के चंद्रभानपुर गांव की दो कट्ठा जमीन और मकान बेच दी थी फिर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई और जमीन का सारा पैसा प्रेमी को दे दिया।

प्रेमी के साथ कई बार भाग चुकी थी महिला
बेटे ने बताया कि पिता मजदूरी करते थे। उन्होंने मां के नाम पर जमीन खरीदा था। प्रेमी के साथ फरार होने के कुछ दिन बाद मां वापस लौट भी आई और पिता के साथ एक किराए के मकान में रहने लगी। महिला के बेटे ने बताया कि वापस आने के बाद मां और पिता के बीच लगातार झगड़ा होता रहता था। इसके बाद पिता ने मां और उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जो कोर्ट में लंबित है।

प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला
बुधवार रात मां ने अपने प्रेमी के साथ पिता की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी जब मृतक के बेटे को मिली तो उसने अपने जीजा को वारदात के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलने के बाद बबरगंज थानाध्यक्ष पवन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। जांच के दौरान घर में छुपी आरोपित पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications