बेगूसरायः पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत, घर से शौच के लिए निकले थे बाहर
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र के राहुल नगर बहियार में शुक्रवार की सुबह पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। सुबह के वक्त दोनों बच्चे बहियार में गए थे इसी दौरान उनका पैरस फिसल गया और दोनों पांच फीट गहरे गड्ढे में गिर गए। इसके बाद दोनों बच्चे मदद के लिए जोर-जोर से शोर मचाने लगे। चीख-पुकार सुन स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचते तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया। लोगों ने प्रशासन से परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों बच्चे शौच करने के लिए निकले थे। इसी दौरान दोनों बच्चे गड्ढे में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामदुलार साह का 8 वर्षीय पुत्र अंकुश और असर्फी पंडित का 12 वर्षीय पुत्र दीपक के रूप में हुई है।
पत्नी की पीट-पीटकर हत्या
वहीं जिले के सहायक थाना सिंघौल क्षेत्र के वार्ड संख्या 2 में गुरुवार की देर रात को मो. कुर्बान नाम के युवक ने अपनी 26 वर्षीय पत्नी रबीना खातून की निर्ममता से हत्या कर दी। आरोपित पति ने पहले पत्नी को पीटा फिर दुपट्टा से गला दबाकर मार डाला। घटना के बाद इलाके में हड़ंकप मच गया। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला के गले पर फंदे का निशान था। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित मो. कुर्बान को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। मृतका की मां ने बताया कि उसका दामाद मो, कुर्बान शादी के बाद से उसकी बेटी के साथ मारपीट करता था। दहेज की मांग को लेकर वह उसकी बेटी को बेरहमी से पीटता था।












Click it and Unblock the Notifications