बेगूसरायः दिवाली के दिन जुआ खेलने के दौरान अंधाधुंध फायरिंग में दो की मौत और दो घायल
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के बाघी मोहल्ले में दिवाली की रात दिल दहला देने वाले वारदात को अंजाम दिया गया, जहां अपराधियों ने 4 लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो लोगों का निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि जुआ खेलने के दौरान आपसी विवाद होने के चलते ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। मृतकों की पहचान नागदह निवासी किशोर कुमार उर्फ संतोष कुमार और पंकज कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों में प्रेम कुमार, बाबुल, मुरारी कुमार और दो अन्य लोग शामिल हैं।

वहीं कुछ लोगों का कहना है कि जुए में बड़ी रकम को लूटने की नीयत से अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है और इस मामले पर अभी कुछ भी नहीं कह रही है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने दीपावली की रात से जुआ खेलना शुरू किया था और इस घटना को शुक्रवार तड़के तकरीबन 4 बजे अंजाम दिया गया।
जानकारी के मुताबिक किशोर कुमार, पंकज कुमार और दूसरे पक्ष से प्रेम कुमार, बाबुल, मुरारी कुमार और अन्य लोग जुआ खेल रहे थे। उसी वक्त किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही लोहिया नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई। घटनास्थल से 9 खाली कारतूस , कुछ जिंदा कारतूस, ताश के पत्ते और गांजा बरामद किया गया है। थाना अध्यक्ष अंबिका प्रसाद ने बताया कि सुबह 4:30 बजे घटना की जानकारी मिली। घटनास्थल से 2 शव बरामद किए गए हैं, जिनकी गोली मारकर हत्या की गई है। मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications