बिहारः बांका में अलग-अलग जगह आकाशीय बिजली गिरने से चार की मौत
बांका। बिहार के बांका जिले में बारिश के दौरान वज्रपात होने से दो नाबालिग सहित चार लोगों की मौत हो गई। ये घटना बांका जिले के अमरपुर, पंजवारा और धौरेया थाना क्षेत्र में हुई। पहली घटना बांका जिले के अमरपुर ताना क्षेत्र के डुमरिया गांव में वज्रपात से 65 वर्षीय आनंदी यादव और 10 वर्षीय सन्नी कुमार की मौत हो गई आनंदी यादव खेत में पानी डालने के लिए मोरी बांधने गए थे। वहीं अपने ननिहाल में रह रहे सन्नी कुमार खेत में जानवर चराने गया था। इसी दौरान बारिश होने पर दोनों खेत के बगल में स्थित पीपल के पेड़ के नीचे छिप गए। तभी आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिससे दोनों की मौत हो गई।

वहीं दूसरी घटना पंजवारा थाना क्षेत्र के मारातिकर की है, जहां सुनीता देवी खेत में मूंग तोड़ रही थी। इसी दौरान बारिश होने और उसके बाद आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटनास्थल के पास कुछ अन्य महिलाओं का झुंड भी था, झटका लगने से वो लोग भी कुछ देर के लिए बेहोश हो गई थी। हालांकि राहत की बात यह है कि उनमें से किसी को कुछ नहीं हुआ। बिजली गिरने की तीसरी घटना धोरैया थाना के झिटका गांव की है, जहां आठ वर्षीय आकाश कुमार आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और आकाश की मौत हो गयी।
इस हादसे में उसका छोटा भाई दीपक जख्मी हो गया। दोनों को धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां आकाश की मौत की पुष्टि हुई। इस घटना के बाद से तीनों परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय पदाधिकारी घटना की जांच करने के बाद सरकारी प्रावधान के अनुसार आगे की कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications