Arwal News: अंडा बेचकर होता था बुज़ुर्ग का गुज़ारा, अंडा ही बना मौत की वजह, दिल दहला देगी कहानी
Arwal News: बिहार के अरवल ज़िले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक ख़बर सामने आई है, जहां एक बुज़ुर्ग की बस इस वजह से पिटाई कर दी गई क्योंकि उन्होंने अंडा उधार देने से मना कर दिया। 61 साल के बुज़ुर्ग का परिवार अंडा बेचकर चलता था, अंडा ही उनकी मौत की वजह बन गया।
बुज़ुर्ग की बदमाशों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, उसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के क्रम में गुरुवार की सुबह उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कोहड़ौल गांव निवासी अयोध्या सिंह गांव में ही गोमटी में अंडा बेचते थे।

61 वर्षीय अयोध्य सिंह रोज़ाना की तरह अंडा बेच रहे थे। बुधवार की शाम उनकी गुमटी के पास कुछ लोग पहुंचे और उधार अंडा मांगने लगे। बुज़ुर्ग ने उधार देने से इनकार कर दिया, इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। बात इतनी बिगड़ गई कि बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। बुज़ुर्ग को अधमरा कर सभी लोग मौक़े से फ़रार हो गए।
इस बात की जानकारी जब परिजनों को मिली तो सभी लोग मौक़े पर पहुंचे और स्थानीय लोगोंकी मदद से सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। इलाज के क्रम में ही गुरुवार की सुबह बुज़ुर्ग अयोध्या सिंह की मौत हो गई। जिसके बाद उनके परिजन आग बबूला हो गए।
परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जहानाबाद-अरवल स्टेट हाइवे 110 जाम कर दिया। गुस्साए लोगों की मांग है कि हत्याकांड में शामिल सभी लोगों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। बुजुर्ग के बेटे बिमलेश कुमार ने कहा कि सभी आरोपी उनके पिता की गुमटी पर अक्सर आते थे।
अंडा खाते और पैसा मांगने पर बदतमीज़ी करने लग जाते थे। बुधवार को भी वही लोग गुमटी पर आए थे, पिता ने उधार नहीं दिया तो रॉड, पेचकस और दूसरे हथियारों से मारपीट करने लगे। पिता की आंख भी फोड़ दी। पुलिस ने मौक़े पर पहुंच कर समझा-बूझा कर जाम खुलवाया। वहीं पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।












Click it and Unblock the Notifications