बिहार के अररिया में बड़ी वारदात, पत्रकार को घर में घुसकर मारी गोली
बिहार के अररिया जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ी वारदात हुई, जहां कुछ बदमाशों ने एक पत्रकार को गोली मार दी। जिससे तुरंत उनकी मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने हंगामा भी किया। हालांकि कुछ ही देर में पुलिस-प्रशासन ने हालात काबू में कर लिया।
जानकारी के मुताबिक पत्रकार की पहचान विमल यादव के रूप में हुई है। वो शुक्रवार सुबह अपने रानीगंज स्थित घर में थे, तभी कुछ बंदूकधारी वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इसके बाद वो फरार हो गए।

इस घटना से इलाके में सनसनी मच गई। आनन-फानन में पुलिस टीम पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से नाराज लोगों ने रानीगंज में जमकर हंगामा किया। इसके बाद वो पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और वहां पर इस वारदात का विरोध किया।
सांसद भी पहुंचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के एसपी समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं स्थानीय सांसद ने भी वहां पहुंचकर लोगों को समझाया। साथ ही आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
नींद से जगाकर मारी गोली
मामले में विमल के परिजन ने बताया कि वो घर में सो रहे थे। तभी चार बदमाश वहां पर पहुंचे। उन्होंने उनके बारे में पूछा। इसके बाद वो उनके कमरे में गए और उनको जगाया। उनके जागते ही उन्होंने गोली चला दी। जिससे कमरे में चारों ओर खून फैल गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, चारों बदमाश फरार हो चुके थे।
क्या कह रही पुलिस?
मामले में अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि रानीगंज बाजार इलाके में अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार विमल कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड भी है। साथ ही फॉरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications