'ललन सिंह को जिताना है', जेल से बाहर आते ही अनंत सिंह ने कही ये बात, भारी भीड़ के बीच दिखा बाहुबली अंदाज
बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह जेल से बाहर आ चुके हैं। उन्हें 15 दिन का पैरोल मिला है। जेल से निकलने के बाद अनंत सिंह के समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। अनंत सिंह के समर्थकों ने जेसीबी से उनपर फूलों की बारिश की। मौजूदा वक्त में पटना की बेऊर जेल में सजा काट रहे हैं।
अनंत सिंह ने पैरोल पर बाहर निकलते ही जेडीयू नेता ललन सिंह की जीत का दावा किया। बता दें कि मुंगेर लोकसभा सीट पर 13 मई को वोटिंग हैं। ऐसे वक्त में उनका जेल से बाहर आना बेहद अहम माना जा रहा है।

मीडिया से बात करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि ललन सिंह 5 लाख वोटों से जीत रहे हैं, अशोक महतो को तो हम जनबो नहीं करते हैं। हम घर के काम से जेल से बाहर आए हैं लेकिन जनता हमको भगवान मानती है, इसलिए हम जनता से गांव-गांव जाकर भेंट कर रहे हैं। समर्थकों की भीड़ इकट्ठी होने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि लोग हमारे हैं, तो भीड़ किसकी होगी।
पारिवारिक बंटवारे को लेकर अनंत सिंह ने कोर्ट से पैरोल मांगी थी। 5 साल में पहली बार उन्हें पैरोल मिली है। अनंत सिंह के बाहर आने के दौरान जेल के बाहर और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अनंत सिंह की पत्नी नीलम सिंह वर्तमान में मोकामा से विधायक हैं और फिलहाल एनडीए के साथ हैं।
अनंत सिंह को उनके इलाके में लोग छोटे सरकार के नाम से जानते हैं। अनंत सिंह कभी नीतीश कुमार के बेहद खास हुआ करते थे। बाद में राजनीतिक कारणों से वे सीएम से दूर होते चले गए। इस बीच उनकी नजदीकी लालू यादव से बढ़ी। लेकिन अब एक बार फिर अनंत सिंह एनडीए के पाले में दिखाई दे रहे हैं। जानकारों का दावा है कि अनंत सिंह भले ही खुले तौर पर चुनाव प्रचार ना भी करें, तब भी वह अपने स्तर से जेडीयू के लोकसभा उम्मीदवार और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को फायदा पहुंचा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications