आनंद मोहन सिंह जेल से रिहा, IAS कृष्णय्या की बेटी बोलीं- 'नीतीश सरकार ने कायम की गलत मिसाल'
Anand Mohan Singh Released: आनंद मोहन सिंह की रिहाई पर जहां बिहार में राजनीति गरमाई हुई है, वहीं दिवंगत आईएएस जी कृष्णय्या की बेटी ने भी नीतीश सरकार को घेरा है।

Anand Mohan Singh case: गैंगस्टर से राजनेता बने आनंद मोहन सिंह को गुरुवार को बिहार की सहरसा जेल से रिहा कर दिया गया। आनंद मोहन सिंह की रिहाई के मामले पर बिहार का सियासी पारा भी चढ़ा हुआ है।
विपक्ष ने नीतीश सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया है कि सुशासन बाबू की सरकार में अपराधियों को रिहा करने के लिए जेल के नियम बदले गए हैं। वहीं, आनंद मोहन की रिहाई पर दिवंगत आईएएस अधिकारी जी कृष्णय्या की बेटी ने भी नीतीश सरकार के इस फैसले के खिलाफ कोर्ट जाने की बात कही है।
आपको बता दें कि बिहार सरकार ने हाल ही में जेल नियमों में एक बड़ा बदलाव किया है, जिसके तहत आनंद मोहन सिंह सहित 27 दोषियों को रिहा किया जा रहा है। आनंद मोहन सिंह को 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णय्या की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा मिली थी।
'अपने फैसले पर फिर से सोचें नीतीश कुमार'
आनंद मोहन सिंह की रिहाई पर जी कृष्णय्या की बेटी पदमा ने कहा, 'हमारे लिए ये बहुत दुख की बात है कि आनंद मोहन सिंह को आज जेल से रिहा कर दिया गया। बिहार सरकार को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। मैं नीतीश कुमार से अनुरोध करती हूं कि वो एक बार फिर अपने फैसले पर गंभीरता से सोचें। इस फैसले के साथ उनकी सरकार ने एक गलत मिसाल कायम की है।'
मीडिया से बात करते हुए पदमा ने आगे कहा, 'आनंद कुमार सिंह की रिहाई का फैसला ना केवल एक परिवार, बल्कि पूरे देश के साथ अन्याय है। हम इस फैसले के खिलाफ कोर्ट में अपील करेंगे।'
राष्ट्रपति और पीएम करें मामले में हस्तक्षेप: जी कृष्णय्या की पत्नी
वहीं, जी कृष्णय्या की पत्नी उमा देवी ने भी नीतीश सरकार के इस फैसल पर नाराजगी जताई। उमा देवी ने कहा, 'मैं राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से अपील करती हूं कि वो इस मामले में हस्तक्षेप करें और नीतीश कुमार से कहें कि वो आनंद कुमार सिंह को फिर से जेल भेजें।'












Click it and Unblock the Notifications