Patna: इंडिगो की फ्लाइट में एयर होस्टेस से छेड़छाड़, आरोपी बोला- सुंदरता देखकर करने गया था बात
फ्लाइट में छेड़छाड़ की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पटना से सामने आया है, वहां पर इंडिगो के विमान में एयर होस्टेस से बदसलूकी की गई। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक इंडिगो का विमान हैदराबाद से पटना आ रहा था। उसमें सवार यात्री ने एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद उसने खुद को टॉयलेट में लॉक कर लिया। विमान कर्मियों ने लैंडिंग के पहले एयरपोर्ट सिक्योरिटी को इसकी जानकारी दे दी।

वहीं जैसे ही विमान पटना एयरपोर्ट पर उतरा, यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में पता चला कि वो मानसिक रूप से बीमार है। उसके पास से कुछ दवाएं और डॉक्टर की पर्ची भी मिली है। जिसकी पड़ताल पुलिस कर रही।
मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट संख्या 6ई 126 में ये घटना हुई है। आरोपी का नाम कमर रेयाज है। जब विमान हवा में था, तो वो एयर होस्टेस के साथ छेड़खानी कर रहा था। उसने पूछताछ में बताया कि वो एयर होस्टेस की सुंदरता देखकर उनसे बातचीत करने गया था। फिलहाल उसको हिरासत में रखकर जांच की जा रही।
कुछ दिन पहले भी ऐसे घटना
सितंबर की शुरुआत में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां इंडिगो की फ्लाइट में एक महिला से छेड़छाड़ हुई थी। पीड़ित महिला के मुताबिक वो मुंबई से गुवाहाटी जा रही थी। उसके बगल एक शख्स बैठा था, उसने उसको गलत तरीके से छूने की कोशिश की। कुछ ही देर में वो उनके करीब आने लगा, जिस पर उन्होंने शोर मचा दिया।
इसके बाद क्रू मेंबर महिला के पास पहुंचे और हालात को काबू में किया। वहीं जब विमान लैंड हुआ, तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसी तरह का मामला जुलाई में दिल्ली से मुंबई जा रही फ्लाइट से सामने आया था। उस वक्त एक महिला डॉक्टर के साथ उसके बगल बैठे यात्री ने छेड़छाड़ की थी।












Click it and Unblock the Notifications