वैशाली में भीषण सड़क हादसा, बस-ऑटो की टक्कर में 10 की मौत
बिहार के हाजीपुर क्षेत्र में एक भीषण दुर्घटना हुई है जिसमें 10 लोगों के मरने की खबर है। इसमें कई लोग घायल हो गए है।
पटना। बिहार में हाजीपुर जिले के वैशाली के एनएच 77 से होकर यात्रियों से भरी बस मुजफ्फरपुर की ओर जा रही थी। तभी सराय बाजार के पास बस और ऑटो की जबरदस्त टक्कर हुई जिसमें 10 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है।

तेज रफ्तार की वजह से हुआ बड़ा हादसा
इस घटना को लेकर आसपास के लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि आए दिन गाड़ियों की तेज रफ्तार की वजह से यहां किसी न किसी की जान चली जाती है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस लाश को अपने कब्जे में लेते हुए घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

बस और ऑटो में हुई जबर्दस्त टक्कर
घटना सुबह 10 बजे की बताई जा रही है। राजधानी पटना के मीठापुर बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर जय मां चामुंडा नाम की बस यात्रियों को लेकर सीतामढ़ी जा रही थी। वहीं ऑटो भगवानपुर इमादपुर चौक से लोकल पैसेंजर को लेकर हाजीपुर की ओर आ रहा था तभी यूटर्न लेने के दौरान बस और ऑटो में जोरदार टक्कर हुई जिससे 10 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई तो कई लोगों के घायल होने की ख़बर बताई जा रही है। गंभीर हालत में सभी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद लोगों में आक्रोश, हंगामा
वहीं इस घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करते हुए तोड़-फोड़ करना शुरू कर दिया तो मौके पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोशित लोगों का सामना करना पड़ा। ऐसा कहा जा रहा है कि इस हादसे में मौत के शिकार हुए लोग आसपास के ही रहने वाले थे। कई घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है तो कई को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वहीं घटना को लेकर आक्रोश को देखते हुए मौके पर जिले के एसपी और जिला अधिकारी दोनों पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने का काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications