Bihar Weather News: त्योहार से पहले बढ़ेगी बारिश और ठंडक, क्या इस बार गीली होगी दिवाली? मौसम विभाग का अलर्ट
Bihar Weather News: पटना में मॉनसून की विदाई होते ही मौसम के मिज़ाज में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह के समय हल्का कुहासा छाने लगा है, दोपहर में आंशिक बादलों के बीच हल्की धूप निकलती है और शाम होते ही ठंडक महसूस होने लगी है।
फिलहाल यह ठंड शुरुआती दौर में है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) का कहना है कि इस साल सर्दी सामान्य से करीब दो सप्ताह पहले शुरू हो सकती है और इसकी अवधि भी अधिक रहेगी। अभी से लोगों को हल्की सिहरन महसूस होने लगी है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है।

आज का मौसम कैसा रहेगा
रविवार को बिहार का मौसम शुष्क रहने की संभावना है और बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। इन दिनों तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। शनिवार की रात तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई थी, हालांकि आज तापमान में मामूली बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की गति से हवा बहेगी।
अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। आज अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
शनिवार को राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान पूर्णिया में 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान औरंगाबाद में 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर बिहार की तुलना में दक्षिण बिहार के जिलों का तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। रात में भी यही रुझान देखने को मिला, जहां बक्सर, औरंगाबाद, गया और नालंदा का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जो सभी दक्षिण बिहार के जिले हैं।
इस बार ठंड क्यों होगी ज्यादा
जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस साल ला-नीना की परिस्थितियां विकसित हो रही हैं, जिसकी वजह से वैश्विक मौसम सामान्य से अधिक ठंडा हो सकता है। गंगा के मैदानी और मध्य भारत के इलाकों में नवंबर से फरवरी तक लगातार सर्दी रह सकती है और बिहार भी इससे अछूता नहीं रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 2010 के बाद यह सबसे अधिक ठंड महसूस कराने वाली सर्दी हो सकती है, जिससे लोग लंबे समय तक ठंड का अनुभव करेंगे।
सर्दियों में इस बार बारिश भी बढ़ेगी
सर्दियों के दौरान इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है। उत्तर-पश्चिम भारत के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ अधिक संख्या में सक्रिय रहेंगे, जिनका असर बिहार सहित पूरे उत्तर भारत पर पड़ेगा। भारतीय मौसम विभाग ने भी जल्द ही ला-नीना परिस्थितियों के विकसित होने की पुष्टि की है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि इस बार सर्दी जल्दी, ज्यादा और लंबे समय तक रहने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications