Bihar Weather News: समय से पहले ठंड की एंट्री, कई जिलों में रिकॉर्ड गिरावट, कोहरे-प्रदूषण ने बढ़ाई मुश्किलें
Bihar Weather News: बिहार में इस बार ठंड ने अपनी निर्धारित समय-सीमा से काफी पहले दस्तक दे दी है। नवंबर के शुरुआती और मध्य दिनों में आमतौर पर हल्की ठंड महसूस होती है, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल अलग हैं। शनिवार की रात न्यूनतम तापमान कई जिलों में 9-10°C तक गिर गया, जिससे अचानक सिहरन बढ़ गई और लोगों ने जैकेट, स्वेटर और मफलर की ओर रुख कर लिया।
किस जिले में सबसे ज्यादा ठंड का असर
पटना, गया, नवादा, बक्सर और शेखपुरा जैसे जिलों में सुबह की ठिठुरन सामान्य से कहीं अधिक महसूस की गई, वहीं कई जगहों पर बस अड्डों और बाजारों में अलाव का सहारा भी लोगों ने लेना शुरू कर दिया है। मौसम सेवा केंद्र द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट बताती है कि बिहार में न्यूनतम तापमान 9.6°C से 15.3°C के बीच दर्ज किया गया है। सबसे कड़ाके की ठंड दक्षिण बिहार के जिलों में महसूस की जा रही है।

रोहतास के नौहट्टा ने 9.6°C के साथ सबसे कम तापमान दर्ज किया। गया में तापमान 10.1°C, नवादा में 10.5°C, बक्सर में 10.8°C और शेखपुरा में 10.9°C रिकॉर्ड किया गया। राज्य की राजधानी पटना में भी रात का तापमान गिरकर 11.4°C तक पहुंच गया, जिससे सुबह की ठंड सामान्य से अधिक तीखी महसूस हुई। लगभग पूरा बिहार इस समय 15°C से नीचे है, जिसके कारण सुबह और देर रात लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तर-पश्चिमी हवाओं और कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
बिहार में पिछले दो दिनों से उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार ठंडी पछुआ हवा बह रही है, जिसकी रफ्तार 20-30 किमी/घंटा तक दर्ज की गई है। इस हवा ने प्रदेश भर में ठंड की तीव्रता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जिससे विजिबिलिटी और कम हो सकती है।
ठंड और कोहरे के बीच हवा की गुणवत्ता भी बिगड़ी
फिलहाल पूर्णिया में दृश्यता महज 800 मीटर तक रही, जबकि अन्य जिलों में शाम ढलते ही सड़कें धुंध की चादर में ढक जाती हैं। इससे सड़क यात्राओं में जोखिम बढ़ गया है और सुबह-सुबह वाहनों की आवाजाही बाधित हो सकती है।पटना सहित बिहार के कई शहरों में ठंड और कोहरे के साथ प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है।
राजधानी पटना के बीआईटी परिसर के पास वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 299 रिकॉर्ड किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। ठंडी हवाओं और धुंध के कारण प्रदूषण जमीन के पास जमा होने लगा है, जिससे हवा में मौजूद कणों की सांद्रता बढ़ रही है। इस स्थिति से सांस लेने में परेशानी, गले में खराश और आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। कई जिलों में प्रदूषण का स्तर इसी तरह बना रहने की संभावना है।
अगले कुछ दिनों में मौसम का रुख कैसा रहेगा
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले एक हफ्ते तक बिहार में ठंड का असर और तेज हो सकता है। दिन का तापमान 26-30°C के बीच रहने का अनुमान है, जबकि रात का तापमान 10-16°C तक गिर सकता है। दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार, जैसे गया, नवादा, रोहतास और औरंगाबाद में रात का तापमान 11-14°C रहने की संभावना है।
उत्तर बिहार, कोसी और सीमांचल क्षेत्रों में 14-16°C तापमान बने रहने का अनुमान जताया गया है। दिन में आसमान साफ रहेगा, लेकिन हवा की रफ्तार और रात की तीव्र ठंड परेशानी बढ़ा सकती है। कोहरे का असर सुबह और देर रात तक रहने की आशंका है, इसलिए यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इस बार इतनी जल्दी ठंड क्यों पड़ रही है
विशेषज्ञों का मानना है कि इस साल उत्तर भारत में सामान्य से पहले बर्फबारी होने लगी, जिसके कारण हिमालयी क्षेत्र का तापमान तेजी से गिरा। वहीं हवा का रुख भी नवंबर की शुरुआत में ही बदल गया और उत्तर तथा उत्तर-पश्चिम से चलने वाली ठंडी हवाएं सीधे बिहार तक पहुंचने लगीं। इन सबके कारण सर्दी ने इस बार समय से पहले ही दस्तक दे दी और नवंबर की शुरुआत में ही ठंड का असर सामान्य से कहीं ज्यादा महसूस किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications