Bihar Weather News: छठ पूजा के बीच बदला बिहार का मौसम, 3 दिनों तक बारिश के आसार, किसानों के लिए अलर्ट जारी
Bihar Weather News: बिहार में एक ओर लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मौसम ने भी करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में खरना के दिन सुबह धुंध और कोहरे की चादर छाई रही। हालांकि दोपहर के समय हल्की धूप निकलने की संभावना जताई गई है, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
29 से 31 अक्टूबर तक बारिश की संभावना
पटना मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 29 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तरी और उत्तर-पूर्वी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात (बिजली गिरने) की घटनाएं भी हो सकती हैं।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और दक्षिण अंडमान सागर क्षेत्र में बना कम दबाव क्षेत्र अवदाब में बदल गया है। यह प्रणाली पश्चिम की ओर बढ़ते हुए 26 अक्टूबर तक गहरे अवदाब और 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है। अनुमान है कि यह 28 अक्टूबर की शाम या रात तक आंध्र प्रदेश के काकीनाडा और मछलीपट्टनम के बीच तट से टकराएगा। इसका अप्रत्यक्ष प्रभाव बिहार के मौसम पर भी पड़ेगा।
किसानों के लिए चेतावनी और सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। फिलहाल राज्य में खरीफ फसलों की कटाई का समय चल रहा है। विभाग ने कहा है कि किसान अपनी पकी हुई फसलों की जल्द कटाई कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। खेतों या खुले में सुखाने के लिए रखी फसलों को तुरंत सुरक्षित जगह ले जाएं।
सब्जी वाली फसलों की सिंचाई कुछ दिनों के लिए टालने की भी सलाह दी गई है। साथ ही किसानों और ग्रामीणों से अपील की गई है कि वज्रपात के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़, जलाशय या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। ऐसे समय में घर के अंदर रहें और मोबाइल फोन या अन्य विद्युत उपकरणों का प्रयोग सावधानी से करें।
छठ पर्व पर मौसम का असर
अगर अनुमान के अनुसार बारिश होती है, तो इसका असर छठ पर्व के दौरान घाटों की तैयारी और पूजा व्यवस्था पर भी पड़ सकता है। प्रशासन ने सभी जिलों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का निर्देश दिया है। छठ पूजा के उत्सव और बदलते मौसम के इस दौर में भक्तों और किसानों दोनों को सतर्क रहने की आवश्यकता है, ताकि श्रद्धा और सुरक्षा दोनों का संतुलन बना रहे।












Click it and Unblock the Notifications