Bihar Weather News: छठ महापर्व से पहले मौसम में बदलाव, आसमान में छाएंगे बादल, कई जिलों में बारिश की संभावना
Bihar Weather News: बिहार में छठ महापर्व की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं को मौसम की चुनौती का भी सामना करना पड़ सकता है। नहाय-खाय के साथ 25 अक्टूबर से महापर्व की शुरुआत होगी, उसी दिन से राज्य का मौसम करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव क्षेत्र के कारण बिहार के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि 25 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक राज्य में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में गिरावट आएगी और रातें ठंडी महसूस होंगी। अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और दक्षिण-पश्चिमी दिशा से हवाएं चलने की उम्मीद है।

छठ पर्व के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु गंगा, तालाबों और नदियों के घाटों पर पहुंचकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में बारिश होने पर घाटों पर फिसलन, जलभराव और यातायात व्यवस्था में दिक्कतें आ सकती हैं। प्रशासन ने भी एहतियात के तौर पर सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देना शुरू कर दिया है।
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 अक्टूबर को नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पटना, मुजफ्फरपुर, गया, दरभंगा और सहरसा जैसे इलाकों में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना कम है। इन क्षेत्रों में हल्की उमस और धुंध का असर दिख सकता है।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री तक जा सकता है। बारिश के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट संभव है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव मौसमी दबाव प्रणाली के कारण है, जो फिलहाल बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में सक्रिय है और धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रही है।
इसके प्रभाव से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी हल्की वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है। छठ पर्व के दौरान बारिश ने श्रद्धालुओं की चिंताएं जरूर बढ़ा दी हैं, लेकिन प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी घाटों पर सुरक्षा और जल निकासी की पूरी व्यवस्था की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।












Click it and Unblock the Notifications