ओडिशा ने शुरू किया जनसंख्या स्थिरीकरण अभियान, 24 जुलाई तक रहेगा जारी
भुवनेश्वर, जुलाई 12। जनसंख्या नियंत्रण को लेकर केंद्र और राज्य सरकारें काफी सतर्क हैं। ओडिशा सरकार ने भी इस संबंध में एक कैंपेन शुरू किया है। यह कैंपेन अर्थव्यवस्था को बनाए रखने के लिए जनसंख्या नियंत्रण पर केंद्रित है। इसे राज्य भर में समग्र परिवार नियोजन पहल में सुधार करने के लक्ष्य से शुरू किया गया है।

24 जुलाई तक जारी रहेगा 'जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा'
जानकारी के मुताबिक, 'जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा' नाम के इस अभियान को राज्यभर में दो हफ्ते चलाया जाएगा। इसे रविवार को विश्व जनसंख्या दिवस पर शुरू किया गया है। अभियान की मदद से परिवार नियोजन सेवाओं की गुणवत्ता को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित होगा। कैंपेन कोविड-19 दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए 24 जुलाई तक जारी रहेगा।
देश के मुकाबले ओडिशा का औसत बेहतर
परिवार कल्याण के निदेशक डॉ. बिजय पाणिग्रही ने कहा कि अभियान के अंतर्गत सभी कार्यात्मक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में परिवार नियोजन परामर्श और गर्भनिरोधक सेवाएं शुरू की जाएंगी। बताया जा रहा है कि ओडिशा में कुल प्रजनन दर 1.9 है, जो कि 2.2 के राष्ट्रीय औसत के मुकाबले काफी कम है। यह इस बात का अहम संकेत है कि राज्य में परिवार नियोजन कार्यक्रम सफल रहे हैं। हालांकि, राज्य सरकार ने इस दर को और कम करने की योजना बनाई है।












Click it and Unblock the Notifications