बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना के तहत 92.5 लाख परिवारों को कवर करेगी ओडिशा सरकार
राज्य सरकार ने बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना (बीएसकेवाई) के तहत 92.5 लाख परिवारों को कवर करने का फैसला किया है।
भुवनेश्वर, 9 अगस्त। राज्य सरकार ने बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना (बीएसकेवाई) के तहत 92.5 लाख परिवारों को कवर करने का फैसला किया है, जो 1 सितंबर से प्रति परिवार 5 लाख रुपये (महिला सदस्यों के लिए 10 लाख रुपये) का वार्षिक स्वास्थ्य कवरेज प्रदान करती है। इन सभी परिवारों को स्मार्ट हेल्थ कार्ड प्रदान किए जाएंगे। 15 अगस्त के अवसर पर सीएम नवीन पटनायक इसे लॉन्च करेंगे। स्वास्थ्य कार्ड पहले चरण में मलकानगिरी, बलांगीर, सुंदरगढ़, मयूरभंज और गजपति जिलों में वितरित किए जाएंगे। वहीं, राज्य के सभी जिलों को नवंबर तक इस योजना के अंतर्गत लाया जाएगा।

उच्चाधिकार प्राप्त समिति के निर्णय के अनुसार मौजूदा 71.69 लाख परिवारों के अलावा 20.8 लाख अतिरिक्त परिवार स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में आएंगे। अभी तक 69.69 लाख बीजू कृषक कल्याण योजना (BKKY) के कार्डधारक और लगभग दो लाख बीपीएल, एएवाई कार्डधारक और कम आय वाले परिवार इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। अतिरिक्त मुख्य स्वास्थ्य सचिव पीके महापात्र ने कहा कि योजना में शामिल करने के मानदंडों को भी संशोधित किया गया है। NFSA और SFSA स्कीम का लाभ लेने वाले सभी परिवारों को BSKY स्मार्ड हेल्थ कार्ड प्रदान किये जाएंगे। जब तक उन्हें यह कार्ड नहीं मिलते तब तक वह राशन कार्ड का इस्तेमाल कर 1 सितंबर से इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
यह भी पढ़ें ओडिशा में महिला ने एक साथ चार बच्चियों को दिया जन्म, पीलिया और एनीमिया से पीड़ित है मां
योजना के लाभ
. यदि कोई पुरुष सदस्य बीमार पड़ता है और 3 लाख रुपये खर्च कर देता है, तो महिला सदस्य 7 लाख रुपये तक का लाभ उठा सकती है।
. यदि पुरुष सदस्य बीमार नहीं पड़ता है, तो महिला सदस्य 10 लाख रुपये तक का लाभ उठा सकती है।
. यदि महिला सदस्य बीमार हो जाती है और 3 लाख रुपये खर्च कर देती है, तो पुरुष सदस्य 2 लाख रुपये का लाभ उठा सकता है।
.लाभार्थी किसी भी प्रश्न या शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 104 डायल कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications