Bhopal News: मोटापे के मरीजों के लिए एम्स भोपाल बना वरदान, जानिए कैसे 15 दिनों में 11 किलो वजन हुआ कम
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर डॉ अजय सिंह लोगों के संपूर्ण स्वास्थ्य को लेकर बेहद सजग हैं। उनका मानना है कि एक व्यवस्थित और संतुलित जीवनशैली ही बीमारियों को दूर रख सकती है, और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करके स्वस्थ जीवन व्यतीत किया जा सकता है।
प्रोफेसर अजय सिंह के प्रयासों से एम्स भोपाल के आयुष विभाग में हर सुबह 7 बजे और 11 बजे योग सत्र आयोजित किए जाते हैं। इनमें बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी भाग लेते हैं। इन सत्रों के माध्यम से लोगों को तनाव, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अनिद्रा, और मोटापे जैसी समस्याओं में महत्वपूर्ण लाभ मिल रहा है।

योग सत्र में भाग लेने वाले मेघ मिश्रा ने केवल 15 दिनों में 11 किलो वजन कम कर लिया है। 105 किलो वजन और गले में दर्द तथा एसिड रिफ्लेक्स जैसी समस्याओं से जूझ रहे मेघ अब 94 किलो के हो गए हैं। एक अन्य लाभार्थी, सौरभ चौरसिया ने एक महीने में 16 किलो वजन घटाया। चिंता, नींद की कमी, और घबराहट जैसी समस्याओं से परेशान सौरभ का वजन बढ़ता जा रहा था। आयुष विभाग में इलाज के साथ-साथ योग सत्र में शामिल होकर और डाइट पर नियंत्रण रखकर उन्होंने अपना वजन 104 किलो से घटाकर 88 किलो कर लिया है।
योग प्रशिक्षक चंचल सूर्यवंशी ने बताया कि ये योग सत्र पूरी तरह से निशुल्क आयोजित किए जाते हैं। योग के माध्यम से कई बीमारियों में राहत मिलती है और यह व्यक्ति को सक्रिय बनाए रखने में मदद करता है।












Click it and Unblock the Notifications