पड़ोसन की 2 वर्षीय बेटी की तड़पा-तड़पाकर ली जान, महिला को उसकी मां से इस बात का लेना था बदला
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हर किसी को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के हबीबगंज के मीरा नगर की एक महिला ने पड़ोसी महिला से विवाद का बदला लेने के लिए उसकी दो साल की मासूम बच्ची की जान ले ली। उसे पानी में डूबोकर तड़पा-तड़पाकर मार डाला।

पुलिस के अनुसार हबीबगंज के मीरा नगर में रहने वाली मोहिनी का विवाद उसकी पड़ोसी महिला अनुषा से हो गया था। ये दोनों महिलाएं एक ही बिल्डिंग में रहती हैं। अनुषा बुधवार दोपहर मोहिनी की बेटी को बिस्कुट का लालच देकर अपने साथ ले गई। आरोपी महिला अनुषा बच्ची को नारायण नगर के पास झाड़ियों के पास सूनसान जगह पर ले गई। वहां एक स्थान पर गड्ढे में पानी भरा था। यहां उसने बच्ची का गला पकड़कर उसका मुंह गढढे में भरे पानी में जब तक डुबाए रखा जब तक बच्ची की मौत नहीं हो गई।
इसके बाद महिला ने बच्ची के शव को पास ही पड़ी एक बड़ी पन्नी में भरकर फेंक दिया और घर वापस आ गई। बच्ची जब नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद बच्ची की मां के बयान के आधार पर सुबह पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ से महिला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications