MP News: परिवहन घोटाले पर गरजे उमंग सिंघार, विधानसभा में CBI जांच की मांग पर कांग्रेस का वॉकआउट
MP News: विधानसभा का माहौल बुधवार को उस समय गर्मा गया, जब नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बहुचर्चित सौरभ शर्मा और परिवहन विभाग में हुए कथित घोटाले को लेकर सरकार पर सीधा हमला बोल दिया।
सिंघार ने सरकार पर लीपापोती का आरोप लगाते हुए न सिर्फ तीखे सवाल दागे, बल्कि पूरे मामले में कोर्ट की निगरानी में CBI जांच और सभी आरोपियों के नार्को टेस्ट की मांग करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। उनके साथ कांग्रेस के सभी विधायक भी बाहर निकल आए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सिंघार का आरोप- "बड़े मगरमच्छों को बचा रही सरकार"
सिंघार ने अपने भाषण में तीखे शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा, "प्रदेश के हर टोल पर टोकन से वसूली हो रही है, केंद्र की एजेंसियां सोना पकड़ रही हैं, नोटों के बंडल मिल रहे हैं, लेकिन सरकार यह बताने को तैयार नहीं कि आखिर ये पैसा और सोना किसका है।"
उन्होंने सदन में सीधा सवाल दागा, "जब डायरी में पूरा हिसाब-किताब लिखा हुआ है, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या इन डायरी पन्नों की हैंडराइटिंग आरोपियों से मिलान करवाई गई? क्या बड़े नामों पर जांच एजेंसियों ने चुप्पी साध ली है?"
"CDR और नार्को टेस्ट क्यों नहीं?"
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि पुलिस ने अब तक संजय श्रीवास्तव और दशरथ पटेल जैसे नामों को क्यों नहीं बुलाया? "क्या इन सबकी कॉल डिटेल्स (CDR) निकालने में सरकार की रुचि नहीं है? अगर सौरभ शर्मा मामले में पहले ही लोकायुक्त ने कार्रवाई की होती, तो ED और IT को यहां तक आने की जरूरत ही नहीं पड़ती।"
सरकार पर 'लीपापोती' का आरोप
सिंघार ने सदन में आरोप लगाया कि "जांच एजेंसियां सिर्फ छोटी मछलियों को पकड़ रही हैं, जबकि बड़े मगरमच्छ खुलेआम तैर रहे हैं। हम स्पष्ट मांग करते हैं कि जांच एजेंसियों की जवाबदेही तय हो और इस पूरे मामले में कोर्ट की निगरानी में CBI जांच करवाई जाए।"
परिवहन मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस
मामले पर सरकार की तरफ से जब परिवहन मंत्री ने जवाब दिया, तो विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। जवाब को गोलमोल करार देते हुए कांग्रेस विधायकों ने सदन छोड़ दिया। बाहर आते ही सिंघार ने मीडिया से कहा, "सरकार जांच से भाग रही है, क्योंकि इसमें उसके लोग फंसे हुए हैं। हम इस घोटाले को किसी भी हाल में दबने नहीं देंगे।"
सदन में गूंजे नारे
- वॉकआउट के बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन के बाहर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। "भ्रष्टाचार करने वाली सरकार मुर्दाबाद", "CBI जांच से क्यों डर रही सरकार?" जैसे नारों से विधानसभा परिसर गूंज उठा।
- नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि अगर मामले की जांच में निष्पक्षता नहीं बरती गई तो सड़क से सदन तक कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि परिवहन विभाग से जुड़े इस कथित घोटाले में करोड़ों रुपए की अवैध वसूली और सोना-नकदी बरामदगी की बात सामने आई है। मामले में सौरभ शर्मा का नाम प्रमुखता से उभरा है। डायरी में कथित रूप से बड़े-बड़े अफसरों और नेताओं के नाम होने का दावा किया जा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार जांच को सीमित दायरे में रखकर बड़े चेहरों को बचा रही है।












Click it and Unblock the Notifications