लंबे समय से मैं शिवराज जी को अपना आदर्श मानता हूं, सरकार पौधारोपण अभियान को आगे बढ़ाएगी - CM मोहन यादव
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रोज पौधारोपण करने के संकल्प को मंगलवार को तीन साल पूरे हो गए। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कहा कि गांवों में ट्री बैंक होनी चाहिए, जहां लोग पेड़-पौधे खरीद सकें। उन्होंने व्यक्त किया कि हर शहर में पर्यावरण मंच बनना चाहिए, जो सरकार के साथ काम करे।
इस पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि ट्री बैंक के विचार पर काम शुरू कर इसे नीचे स्तर तक ले जाएंगे। पेड़-पौधे लगाने के लिए भी जमीन उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक कम करने के विचार से सहमति व्यक्त की और सोलर प्लांट से भी प्रभावित होने की बात की।

मंगलवार को भोपाल के रवींद्र भवन में पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के पहले पूर्व सीएम ने नागरिकों के साथ स्मार्ट सिटी पार्क में 108 पौधे रोपे।
शिवराज जी को आदर्श मानता हूं- डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने पर्यावरण सम्मेलन के आयोजन को लेकर शिवराज सिंह को बधाई, शुभकमनाएं दी और कहा कि, मैं लंबे समय से शिवराज सिंह चौहान जी को अपना आदर्श मानता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि, सरकार इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पौधरोपण के संबंध में स्थान तय करने और ट्री बैंक बनाने के सुझाव पर शीघ्र ही अधिकारियों से चर्चा करेंगे और इस दिशा में आगे बढ़ेंगे।
शिवराज जी का पौधारोपण संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायी- विष्णुदत्त शर्मा
पौधारोपण के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रतिदिन पौधारोपण के सफलतम 3 वर्ष पूर्ण होने पर कहा कि श्री चौहान की यह पहल पर्यावरण संरक्षण और मानव जाति के सुखद भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है। अपनी अत्यधिक व्यस्तताओं के बाद भी श्री चौहान का पौधारोपण का अटूट संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायी है।
शिवराज ने प्रकृति का ऋण उतार दिया
पर्यावरण सम्मेलन में सम्मिलित हुए पदमश्री व पद्म विभूषण से सम्मानित विख्यात पर्यावरणविद् श्री अनिल जोशी ने कहा कि, मैनें शिवराज सिंह चौहान के अंदर पर्यवारण के प्रति गंभीरता देखी तो मेरा भ्रम टूट गया कि एक राजनीतिज्ञ भी पर्यावरण के प्रति इतना गंभीर हो सकता है। उस वर्ग के बीच में उन्होंने लौ जगाकर एक उदाहरण दिया है। उन्होंने कहा कि, मैं पूर्व मुख्यमंत्री जैसे शब्द का प्रयोग नहीं करता, पूर्व तो पूर्व होता है आप तो पदों से ऊपर हैं, आपको तो मोक्ष प्राप्त हो चुका है, आपने प्रकृति के ऋण को उतार दिया है।
शिवराज पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील
हार्टफुलनेस संस्थान के प्रमुख कमलेश डीपटेल "दाजी" ने पूर्व मुख्यमंत्री के इस अभियान और जीवन के मिशन को लेकर कहा कि, शिवराज जी को शुरू से ही पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण में रूचि रही है। उन्होंने कहा कि, शिवराज जी ने मुख्यमंत्री रहते एक पहाड़ी पर पौधारोपण के लिए जमीन दी थी, हमने तीन महीने में उसकी सूरत बदल दी और पौधारोपण की वजह से आसपास के गांवों को भरपुर पानी भी मिला।
मुझे बेहद खुशी
गीतकार समीर अंजान ने कहा कि, जब मुझे यह खबर मिली कि, हमारे शिवराज जी पौधारोपण का कार्यक्रम करते हैं और हर दिन एक पौधा लगाते हैं तो मुझे बहुत खुशी मिली। शिवराज जी कुछ ऐसे लोगों में से हैं जो इस विषय पर अपना ध्यान आकर्षित करते हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि, पूर्व मुख्यमंत्री जी ने यह शुरूआत की है।
चार प्रयास बेहद जरूरी
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण सम्मेलन में कहा कि, चार प्रयास करना बेहद जरूरी है पहला.. हर किसी को साल में एक बार जन्मदिवस, वैवाहिक वर्षगांठ, अपनों की स्मृति या किसी भी विशेष दिन पौधा अवश्य लगाना चाहिए। दूसरा अपने घरों को सोलर पैनल से रोशन करने का प्रयास करें, शहर को ग्रीन एनर्जी में बदलने का प्रयास करें क्योंकि थर्मल पॉवर से वर्यावरण को खासा नुकसान पहुंचता हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भी सोलर ग्रीन एनर्जी का संकल्प लिया है। तीसरा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए खुद भी जागरूक हों और लोगों को भी जागरूक करें। चौथा बेटा-बेटी में कोई अंतर नहीं है इसलिए बेटियों को भी बेटों के बराबरी पर सम्मान मिले। बेटा-बेटी में कोई भेद न करें। उन्होंने कहा कि, बेटी है तो कल है।












Click it and Unblock the Notifications