सारंगपुर को मिली बड़ी सौगात, मोहनपुरा डेम से जुड़े 26 गांव, 11,040 हेक्टेयर भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा
राजगढ़ जिले की सारंगपुर विधानसभा के लिए यह समय विकास की नई इबारत लिखने वाला साबित हो रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा लगातार किए जा रहे जनहितैषी निर्णयों की कड़ी में अब सारंगपुर तहसील के 26 गांवों को मोहनपुरा सिंचाई परियोजना के विस्तारीकरण से जोड़ने का बड़ा फैसला लिया गया है।
इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और वर्षों से सिंचाई के लिए संघर्ष कर रहे खेतों को स्थायी जल स्रोत उपलब्ध हो सकेगा।

प्रदेश सरकार ने किसानों के हित को सर्वोपरि रखते हुए मोहनपुरा डेम आधारित सिंचाई परियोजना के विस्तार को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे न केवल कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
- 396.21 करोड़ रुपये की लागत से होगा परियोजना का विस्तार
- 11,040 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा - मंत्री डॉ गौतम टेटवाल
इस अवसर पर प्रदेश सरकार में मंत्री एवं सारंगपुर विधायक डॉ गौतम टेटवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने मोहनपुरा विस्तारीकरण सिंचाई परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर कुल 396.21 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
परियोजना के पूरा होने पर सारंगपुर तहसील के 26 ग्रामों की कुल 11,040 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे क्षेत्र के किसानों को मानसून पर निर्भरता से मुक्ति मिलेगी और खेती को स्थायित्व प्राप्त होगा। आधुनिक तकनीक से होगी सिंचाई, जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा।
किसानों की आय में होगी उल्लेखनीय वृद्धि
मंत्री डॉ गौतम टेटवाल ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक दाबयुक्त पाइप सिंचाई प्रणाली को अपनाया जाएगा। इस प्रणाली से जहां एक ओर जल की बर्बादी रुकेगी, वहीं दूसरी ओर सिंचाई की दक्षता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना से क्षेत्र के भू-जल स्तर में सुधार, कृषि उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आय में बढ़ोतरी सुनिश्चित होगी। इस योजना से लगभग 10,400 किसान परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जिससे सारंगपुर क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का जताया आभार
मंत्री डॉ गौतम टेटवाल ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार जनहित और किसान हित में ऐतिहासिक निर्णय ले रही है।
उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है। मोहनपुरा सिंचाई परियोजना एक वृहद और दूरदर्शी परियोजना है। माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सारंगपुर को नई सौगात देते हुए 26 गांवों को इस परियोजना से जोड़ने की स्वीकृति दी है। इसके लिए मैं सारंगपुर की जनता की ओर से उनका हृदय से धन्यवाद करता हूं।"
मोहनपुरा सिंचाई परियोजना से जुड़े सारंगपुर तहसील के 26 गांव
- लीमा चौहान
- पान्दा
- टूट्याहेड़ी
- दराना
- देवीपुर
- भेंसवा माता
- भवानीपुर
- कलाली
- अरण्या
- लोटटया
- घटटटया
- रोजड़कला
- धमन्दा
- गायन
- पट्टी
- इचीवाड़ा
- शंकरनगर
- अमलावता
- पीपल्या पाल
- पाडल्या माता
- शेरपुरा
- कमलसरा
- किशनखेड़ी
- सुल्तानिया
- जोगीपुरा
- छापरा
सारंगपुर के कृषि भविष्य को मिली नई दिशा
मोहनपुरा सिंचाई परियोजना से जुड़ने वाले ये 26 गांव आने वाले वर्षों में कृषि उत्पादन, किसान आय और ग्रामीण विकास के नए केंद्र बनेंगे। यह परियोजना सारंगपुर विधानसभा के लिए केवल एक योजना नहीं, बल्कि किसानों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।












Click it and Unblock the Notifications