MP News: पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने अपनी ही मोहन यादव सरकार को घेरा, भिंड में विद्युत संकट पर उठाया सवाल
MP News: मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने एक बार फिर अपनी ही सरकार को घेरते हुए भिंड जिले में हो रही विद्युत कटौती पर सवाल उठाए।
उन्होंने विधानसभा में कहा कि भिंड में विद्युत संकट को लेकर विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह की शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जबकि विधायक कुशवाह इस मुद्दे पर शिकायत कर रहे हैं, संबंधित अफसर को सस्पेंड किया जाना चाहिए, लेकिन मंत्री इस मामले का बचाव कर रहे हैं।

दरअसल, विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने भिंड जिले में विद्युत संकट का मुद्दा उठाया था। इस पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने जवाब देते हुए कहा कि भिंड में कोई भी विद्युत कटौती नहीं की जा रही है। लेकिन विधायक कुशवाह इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने आरोप लगाया कि गलत जानकारी दी जा रही है। कुशवाह ने कहा, "ट्रांसफॉर्मर रखे हुए हैं, लेकिन उन्हें लगाया नहीं जा रहा है। जानबूझकर बिजली संकट पैदा किया जा रहा है।" इस दौरान भूपेंद्र सिंह ने भी अपनी सरकार की आलोचना करते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस विधायकों का हंगामा, जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार का आरोप
शीतकालीन सत्र में बुधवार को कांग्रेस विधायक जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए विधानसभा पहुंचे और नारेबाजी की। इसके चलते कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। जब कार्यवाही फिर से शुरू हुई, तो नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं, इस कारण पार्टी ने निर्णय लिया है कि वे अपना वेतन नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष रखा जाएगा, ताकि कांग्रेस विधायकों की तनख्वाह से उनके क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा सकें।
विधानसभा में खाद संकट पर होगी चर्चा
आज विधानसभा में खाद संकट पर चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को नियम 139 के तहत लोक महत्व के विषय पर चर्चा करने की अनुमति दी है। इसके अलावा कार्यवाही के दौरान सात विधेयकों को मंजूरी भी दी जाएगी।
कमलेश्वर डोडियार को बोलेने का मौका
सैलाना से भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने विधानसभा में अपनी बात रखने का आरोप लगाया था और इसके विरोध में बुधवार को मौन धरना दिया। आज उन्हें सदन में बोलने का मौका मिल सकता है।
श्रद्धांजलि और मौन धारण
सत्र की शुरुआत में विधानसभा में उस्ताद जाकिर हुसैन, पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर, सत्यभानु चौहान और पूर्व केंद्रीय मंत्री ईवीकेएस इलोंगोवन को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सदन में 2 मिनट का मौन भी रखा गया। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और हंगामे के बाद विधानसभा की कार्यवाही आगे बढ़ी।












Click it and Unblock the Notifications