Love Marriage के 3 साल बाद खुला पति की 7 शादियों का राज
Bhopal News, भोपाल। वो मिनी बस में सफर किया करती थी। उसे बस कंडक्टर से पहली नजर में प्यार हो गया। वर्ष 2016 में दोनों ने लव मैरिज कर ली। एक बेटा भी पैदा हो गया। यहां तक तो सब कुछ ठीक था। रिश्ते में पूरी मिठास थी, मगर एक रोज कमरे की सफाई करते समय जो चीज हाथ लगी, उसने पत्नी के होश उड़ा दिए। क्योंकि उसी चीज से पति की कई शादियों को भी राज खुल गया।

नौवीं शादी करने की फिराक में पति
दरअसल, मध्यप्रदेश के भोपाल जिले के जहांगीराबाद पुलिस थाने की ऊर्जा डेस्क पर जिंसी निवासी एक युवती शिकायत लेकर पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसके पति की पूर्व में 6 शादियां हो चुकी हैं। उसने उसे धोखे में रखकर उसके साथ सातवीं शादी की थी। एक बच्चा भी पैदा किया और फिर किसी दूसरी युवती से आठवीं शादी कर ली। अब पति नौवीं शादी करने की फिराक में है।

शादी के एलबम से हुआ पर्दाफाश
ऊर्जा डेस्क काउंसलर अजरा खान के अनुसार उनके पास शिकायत लेकर युवती ने बताया कि वह एक रोज कमरे की सफाई कर रही थी तब उसके हाथ एक एलबम लगा, जिसमें दानिश की पूर्व शादियों की तस्वीरें थी। उसका राज खुलने के बाद वह युवती के साथ मारपीट भी करने लगा था और फिर उसे छोड़कर आठवीं शादी कर ली।

काउंसलिंग के लिए बुलाने पर कर रहा आनाकानी
एक नहीं बल्कि आठ बार शादी करने वाले इस युवक के बारे में सुनकर एक बारगी तो जहांगीराबाद पुलिस थाने की ऊर्जा डेस्क टीम के भी होश उड़ गए। ऊर्जा डेस्क ने आरोपी को फोन करके काउंसलिंग के लिए पुलिस थाने बुलाया तो थाने आकर पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों पर सफाई देने की बजाय वह आने में ही आनाकानी कर रहा है।

युवती रहती है अपने मायके
जहांगीराबाद पुलिस थाने की हैड कांस्टेबल व ऊर्जा डेस्क काउंसलर अजरा खान ने बताया कि 14 मार्च को जिंसी निवासी युवती हमारे पास शिकायत लेकर आई थी और पति जिंसी निवासी दानिश पर आठ शादियां करने का आरोप लगाया। युवती वर्तमान में अपने मायके रहती है और दानिश आठवीं बीवी के साथ रह रहा है। वह भोपाल में बस चलाता है। दानिश की पूर्व पत्नियों से भी सम्पर्क किया गया है, एक-दो को छोड़कर अन्य उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications