महिला मोर्चा विधानसभा चुनाव में जीत का बनाएगा इतिहास, BJP अबकी बार 200 पार नारे को साकार करेंगी: VD शर्मा
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने नारी शक्ति से वादें किए लेकिन उन्हें कभी पूरा नहीं किया जबकि भारतीय जनता पार्टी ने आधी आबादी नारी शक्ति को राजनैतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया है। बीजेपी ने सबसे पहले संगठन में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया वहीं सरकार में सबसे अधिक योजनायें बहनों के लिए बनाई है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने महिला मोर्चा की मंडल स्तरीय बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना हो या प्रदेश सरकार की लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है की भाजपा ने महिला सशक्तिकरण को साकार करते हुए समाज की ताक़त बढ़ाने का काम किया है। इस ताकत के बल पर भारतीय जनता पार्टी ने अबकी बार 200 पार का जो नारा दिया है वह साकार होगा।

भाजपा ने किया महिलाओं को मान-सम्मान और उन्हें सामाजिक ताक़त देने का काम- शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ताकत उनके विभिन्न मोर्चा है लेकिन सभी 7 मोर्चों में सबसे बड़ी ताकत महिला मोर्चा की हैं। महिला मोर्चा की बहनों ने पार्टी के हर कार्यक्रम और अभियान को गति देने और उसे बूथ स्तर तक ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान 3 की सफलता में शामिल वैज्ञानिकों में हमारी मातृशक्ति भी बड़ी संख्या में शामिल थी, हर मोर्चे पर देश की प्रगति में महिलाओं का योगदान है। महिलाओं को मान-सम्मान और उन्हें सामाजिक ताक़त देने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने ग्रामीण बहनों को उज्ज्वला योजना के माध्यम से चूल्हे के धुंए से मुक्ति दी तो वहीँ प्रधानमंत्री आवास का घर देकर उसे घर का मालकिन बनाया। वहीँ मध्यप्रदेश में स्वसहायता समूह से 40 लाख बहनें लाभान्वित हुई है तो लाड़ली बहनों की संख्या 1 करोड़ 25 लाख से अधिक हो चुकी हैं। समाज की इस ताक़त को बढ़ाने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है।
मध्यप्रदेश चुनाव में गेम चेंजर है हमारी बहनें
उन्होंने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में अगर कोई गेम चेंजर है तो वह हमारी बहनें है, मातृशक्ति का अपार समर्थन बीजेपी को है। इस आशीर्वाद के बल पर भाजपा विधानसभा चुनाव में जीत का इतिहास बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर महिला मोर्चा की बहनें लाड़ली लक्ष्मी बहनों से संपर्क और संवाद करें। 51 प्रतिशत वोट शेयर का जो लक्ष्य पार्टी ने निर्धारित किया है उसे पूरा करने में मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छल कपट कर भ्रमित करने का काम करेगी। मिस्टर बंटाढार और करप्शनाथ को जवाब देने का काम हमारी बहनें करें। माइक्रो प्लानिंग करके प्रत्येक मंडल और बूथ पर बहनों की सेना उतारें और पूरी ताकत के साथ सजग प्रहरी बनें।
कांग्रेस ने सिर्फ वादे किए लेकिन भाजपा ने साकार किए- श्रीनिवासन
महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती वानती श्रीनिवासन ने कहा कि यह सौभाग्य है कि भारतीय जनता पार्टी संगठन में महिला मोर्चा की शुरूआत हुई, तो सर्वप्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष राजमाता जी बनी। वहीं मध्यप्रदेश की महिला शक्ति अलग अलग क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भागीदार रही है। रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई, रानी दुर्गावती जैसी कई मध्यप्रदेश की वीरांगनाओं ने देश और दुनिया में एक अलग पहचान बनायी है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक क्षेत्र में लोकसभा अध्यक्ष रही श्रीमती सुमित्रा ताई और भारतीय जनता पार्टी संगठन में 10 प्रतिशत महिला आरक्षण का श्रेय जिनको जाता है उन सुषमा स्वराज जी का मध्यप्रदेश से नाता रहा है। भारतीय जनता पार्टी में महिला शक्ति परिवारवाद से नहीं अपने अथक परिश्रम से आगे बढी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की केन्द्रीय टीम में पहली बार 5 राज्यसभा महिला सांसद है। वहीं केन्द्रीय मंत्रीमंडल में रक्षा, कृषि, विदेश जैसे अहम विभाग भी महिलाओं के पास है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड और गुजरात चुनाव की तरह मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की जीत में महिला मोर्चा की प्रमुख भूमिका रहेगी।
हम सबको एक साथ मिलकर विजयी लक्ष्य के लिए काम करना है
वानती श्रीनिवासन ने कहा कि हमारे पीएम नरेन्द्र मोदी महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस आदिवासी और महिला सशक्तिकरण की झूठी बाते करती है लेकिन भारतीय जनता पार्टी और श्री नरेन्द्र मोदी ने देश में पहली बार एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाकर महिला शक्ति का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जहां महिला सशक्तिकरण के लिए लाडली बहना योजना बनी है। कांग्रेस ने महिलाओं से सिर्फ वादे किए लेकिन वादों को साकार करने का काम बीजेपी ने किया है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा का दायित्व है कि वह लाडली बहनों से संपर्क और संवाद करें। उन्होंने कहा कि हम सबको एक साथ मिलकर विजयी लक्ष्य के लिए काम करना है। उन्होंने महिला मोर्चा मध्यप्रदेश के मंडल स्तर पर चल रहे राखी और पाती के रक्षाबंधन कार्यक्रम की सराहना की।












Click it and Unblock the Notifications