Bhopal News: ग्रामीण इलाकों में अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 63 भू-माफियाओं पर दर्ज होंगी FIR
Bhopal News: राजधानी भोपाल के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से फैल रही अवैध कॉलोनियों पर अब प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने करीब तीन दर्जन अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है।
इन कॉलोनियों में बिना किसी सरकारी अनुमति के कृषि भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा था। प्रशासन अब इन कॉलोनाइजरों और भू-माफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने जा रहा है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सख्त हुआ प्रशासन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में प्रदेश भर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भोपाल कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हालांकि, राजधानी के हुजूर तहसील क्षेत्र में कार्रवाई की गति अब तक धीमी रही है। अब एसडीएम विनोद सोनकिया ने संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अवैध रूप से काटी गई थीं कॉलोनियां
प्रशासन द्वारा अचारपुरा, ईटखेड़ी, सड़क, मुबारकपुर, अमझरा सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में की गई जांच में पाया गया कि यहां कृषि भूमि पर बिना डायवर्सन, टीएंडसीपी (T&CP) की अनुमति और अन्य वैधानिक दस्तावेजों के अवैध कॉलोनियों का निर्माण किया जा रहा है। इन सभी कॉलोनियों को नोटिस जारी कर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था, लेकिन तय समय सीमा में अधिकांश कॉलोनाइजर आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इन पर दर्ज होंगी FIR
प्रशासन द्वारा जिन 63 भू-माफियाओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की तैयारी की गई है, उनमें प्रमुख रूप से शैलेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, नरेंद्र यादव, रामचंद्र यादव (अचारपुरा), अजीम मोहम्मद आदिल (मुबारकपुर), अक्षत अग्रवाल, ललित आहूजा, तूफान सिंह (ईटखेड़ी-सड़क), वीर सिंह ठाकुर, मोहम्मद नसीम, मोहम्मद रशीद, मोहम्मद उबैद, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद शोएब, मोहम्मद ओवैस, मोहम्मद नूर, आयशा नाज (हाजमापुरा), विनोद कुमार साहू, गोविंद सिंह, अख्तर अहमद, मोहम्मद रिजवान, राजेंद्र सिंह परमार, नरेंद्र सिंह ठाकुर, विवेक यादव, अफसर खान, नरेश तेजवानी, पूनम यादव, नीरू यादव, सैयद तारीख अली, हरिप्रसाद, संजय मीणा, विष्णु प्रसाद, विवेक विश्वकर्मा, आलोक सिंह (अमझरा), अवध नारायण, लक्ष्मी नारायण, शिव नारायण, घनश्याम बाशिया, हीरालाल, सीताराम, शिव सिद्दीकी, मोहम्मद शकील, जीतू सेन, गब्बर सिंह, दीपेंद्र, ओम भाई, छोटा भाई, सोना भाई, यूसुफ मोहम्मद अजीम (मुबारकपुर), महाराज सिंह मीणा, सरदार लायक सिंह सहित कई अन्य शामिल हैं।
कलेक्टर कोर्ट में पेश हुए थे प्रकरण
हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर टीम बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में सर्वे कराया गया था। इस सर्वे में अवैध कॉलोनियों की पहचान कर इनके प्रकरण कलेक्टर कोर्ट में प्रस्तुत किए गए। कोर्ट की सुनवाई में सभी कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे गए थे, लेकिन तय अवधि में अधिकांश कॉलोनाइजर वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। अब कलेक्टर के आदेश पर इन सभी के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
हुजूर तहसील में सुस्त कार्रवाई, अन्य तहसीलों में भी कार्रवाई कागजों में
हालांकि, प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल भी उठ रहे हैं। कलेक्टर के निर्देशों के बावजूद हुजूर तहसील में कार्रवाई की गति बेहद धीमी है। अन्य तहसीलों में भी कई अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई कागजों तक ही सीमित रही है। हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया द्वारा कार्रवाई की रफ्तार धीमी होने से अवैध कॉलोनाइजरों को अब तक राहत मिलती रही है।
अब होगी सख्त कार्रवाई
अब जब प्रदेश सरकार ने अवैध कॉलोनियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, तब प्रशासन सख्त कार्रवाई के मूड में दिख रहा है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि बिना वैध अनुमति के कॉलोनियां विकसित करने वालों पर किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों की पहचान कर तत्काल प्रभाव से कानूनी कार्रवाई करें।












Click it and Unblock the Notifications