MP News: एमपी विधानसभा में दिखा प्लास्टिक का सांप, कांग्रेस विधायकों ने मोहन यादव सरकार को घेरा,
MP News: विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन काफी हंगामेदार रहा। कांग्रेस के विधायक युवाओं को नौकरी नहीं मिलने के मुद्दे पर प्लास्टिक के सांप लेकर सदन पहुंचे, जिससे माहौल गर्मा गया।
वहीं, राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सदन से विभागों के प्रमुखों की अनुपस्थिति पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सवाल उठाए। इसको लेकर कांग्रेस ने वॉकआउट कर नारेबाजी की, जिसके बाद विभाग प्रमुखों को तत्काल विधानसभा बुलाया गया।

19,206 करोड़ रुपए का अनुपूरक बजट पेश
मंगलवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में 19,206 करोड़ रुपए से अधिक का दूसरा अनुपूरक बजट पेश किया। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर शाम 7.30 बजे तक चर्चा चली। वहीं, बुधवार को वित्त मंत्री प्रदेश का 2025-26 का बजट पेश करेंगे।
प्रश्नोत्तर काल के दौरान उठे प्रमुख मुद्दे
1. जनआशीर्वाद यात्रा की घोषणाओं का क्या हुआ?
भाजपा विधायक उमा देवी खटीक ने सवाल किया कि 2018 में उनके क्षेत्र में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान 57 घोषणाएं हुई थीं, जिन्हें अब तक पूरा नहीं किया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने जवाब में कहा कि विभागीय मापदंड पूरे नहीं होने के कारण कुछ स्थानों पर कॉलेज खोलने में दिक्कत आ रही है और यह मामला मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया गया है।
2. खेल प्रतियोगिताओं और प्रोत्साहन राशि पर सवाल
खंडवा से भाजपा विधायक कंचन तनवे ने राज्य में खेल प्रतियोगिताओं और खिलाड़ियों को दी गई प्रोत्साहन राशि की जानकारी मांगी। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि 2018 से अब तक 46 राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिसमें 2023-24 में 28 और 2024-25 में 8 खिलाड़ियों का चयन हुआ। योग्य खिलाड़ियों को पदक और पुरस्कार राशि दी जाती है।
3. पेसा एक्ट पर विस्तार से चर्चा
कांग्रेस विधायक सेना पटेल ने पूछा कि अधिसूचित क्षेत्रों में कितनी ग्राम सभाओं का गठन हुआ और उनके वैधानिक अधिकार क्या हैं? पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने जवाब दिया कि आलीराजपुर में 537, झाबुआ में 771, धार में 1329, बड़वानी में 683 और खरगोन में 713 ग्राम सभाओं का गठन किया गया है। इन ग्राम सभाओं से ही सभी विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए जाते हैं।

राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा, 70,000 शिक्षकों की कमी का मुद्दा
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने प्रदेश के स्कूलों में 70,000 शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विधायक विषय से हटकर बोल रहे हैं।
महाकाल मंदिर की जमीन पर निर्माण का आरोप
जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि उज्जैन विकास प्राधिकरण महाकाल मंदिर की जमीन पर अवैध कॉलोनियां काट रहा है। उन्होंने मांग की कि सिंहस्थ की जमीनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।












Click it and Unblock the Notifications