Bus Accident Madhya Pradesh : नर्मदा नदी से निकाले 13 शव, मरने वालों में राजस्थान के भी 4 यात्री
धार, 18 जुलाई। मध्य प्रदेश के धार जिले में नर्मदा नदी बस हादसे ने राजस्थान को भी कभी नहीं भूल सकने वाला गम दिया है। हादसे में मरने वालों की संख्या 13 तक पहुंच गई है। सभी के शव भी पानी से बाहर निकाले जा चुके हैं। इनमें चार मृतक राजस्थान के रहने वाले थे।
Recommended Video

बता दें कि महाराष्ट्र राज्य पथ परिवहन निगम की रोडवेज बस सोमवार सुबह इंदौर से पुणे जा रही थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसा आगरा-मुंबई (AB रोड) हाईवे पर धार जिले के खलघाट और खरगोन जिले के खलटाका में पड़ने वाले संजय सेतु ब्रिज से गुजरते समय बस नर्मदा नदी में गिर गई, जिससे 13 लोगों की मौत हो गई।
नर्मदा नदी में बस गिरने की सूचना पर आस-पास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। गोताखोरों को भी बुलाया। सूचना पाकर इंदौर और धार से NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। सभी ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर नर्मदा नदी में गिरी बस में फंसे यात्रियों व शवों को बाहर निकाला।
मीडिया से बातचीत में मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि नर्मदा नदी बस हादसे में राजस्थान के चार यात्रियों की मौत हुई है, जिनकी शिनाख्त जयपुर के गोविंदगढ़ निवासी चेतनराम जांगिड़ (27), उदयपुर के सराड़ा निवासी जगन्नाथ जोशी (77), उदयपुर के ऋषभदेव की रुकमणी जोशी व चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा निवासी राजू मोर के रूप में हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए सहायता देने की घोषणा की है। घायलों को 50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। महाराष्ट्र की बस होने की वजह से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को घटना की जानकारी दी।












Click it and Unblock the Notifications