MP: पिता के पार्षद चुनाव जीतने की इतनी खुशी कि बेटे की हो गई मौत, जानिए मामला?
सतना, 20जुड़ाई। जिले के मैहर नगर परिषद चुनाव के नतीजे आए हैं, पार्षद पद पर जीत की खुशी मिले चंद लम्हे ही गुजरे थे कि नव निर्वाचित पार्षद और उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मैहर नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 3 से कांग्रेस के पार्षद नवनिर्वाचित हुए रामू कोल के पुत्र कृष्णा कोल उम्र 40 साल की बुधवार को चुनाव के परिणाम आने के कुछ समय बाद ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक जिस घर में जीत के जश्न में ढोल नगाड़े डीजे बज रहे थे, अबीर-गुलाल उड़ रहा था, वहां मातम और करुण क्रंदन ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। नवनिर्वाचित पार्षद का बेटा कृष्णा वोट काउंटिंग के समय घर पर था, उसके पिता की जीत की खबर उसे फोन पर मिली। तो उसने लोगों को बुला कर मिठाई, बैंड बाजा व डीजे बुलाने के लिए पैसे दिए।
साथ ही उसने लोगों से जश्न की तैयारी करने को कहा और खुद कपड़े बदलने चला गया। तभी उसकी तबियत बिगड़ी और वह अचानक गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे मैहर सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी मौत हृदय गति रुक जाने से हुई।
पिता की जीत के जश्न के बीच बेटे की मौत की इस खबर से पूरे परिवार पर तो दुख का पहाड़ टूटा ही, जिसने भी यह खबर सुनी वह स्तब्ध रह गया। कृष्णा के दो पुत्र राज उम्र 22 साल, जय उम्र 16 साल और पुत्री सुभद्रा उम्र 19 साल हैं। वहीं उसके माता-पिता और पत्नी गुड़िया का रो- रो कर बुरा हाल है।
मैहर नगर परिषद का यह रहा परिणाम
मैहर नगर पालिका के 24 वार्डों में से बीजेपी प्रत्याशियों ने 11 वार्डों में जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस के खाते में 6 वार्ड आए हैं, जबकि 6 वार्डों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई है। बीएसपी ने भी यहां एक वार्ड जीत कर खाता खोला है। पिछली बार मैहर नगर परिषद पर कांग्रेस का कब्जा था, लेकिन इस बार नारायण फैक्टर के बीच बीजेपी ने सबसे अधिक 11 वार्डों में जीत हासिल की है।












Click it and Unblock the Notifications