MP पटवारी परीक्षा 2022: मेरिट लिस्ट विवाद, CM शिवराज ने नियुक्तियों पर लगाईं रोक, रिजल्ट की होगी जांच
MP Patwari Exam 2022: मध्यप्रदेश पटवारी भर्ती परीक्षा 2022 के रिजल्ट के विवाद को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा फैसला किया है। सीएम शिवराज ने बताया कि कर्मचारी चयन मंडल द्वारा समूह 2 उप समूह 4 एवं पटवारी भर्ती परीक्षा के परीक्षा परिणाम में एक सेन्टर के परिणाम पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। इस परीक्षा के आधार पर की जाने वाली नियुक्तियां अभी रोक रहा हूं। सेन्टर के परिणाम का पुनः परीक्षण किया जाएगा।
इससे पहले पटवारी भर्ती परीक्षा समेत अन्य भर्ती में धांधली के खिलाफ इंदौर सहित पूरे प्रदेश में स्टूडेंट्स सड़क पर उतर आए हैं। इंदौर में नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन के नेतृत्व में हजारों की संख्या में स्टूडेंट्स ने दोपहर करीब 12 बजे कलेक्टर कार्यलय का घेराव किया।
भोपाल में भी कर्मचारी चयन मंडल के सामने बड़ी संख्या में पटवारी अभ्यर्थी जुटे और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले में जांच नहीं हुई, तो एक सप्ताह बाद भोपाल के जंबूरी मैदान पर आंदोलन करेंगे। वहीं इस मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सरकार जांच से क्यों कतरा रही है, जबकि राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा विद्यार्थियों से उनका हक और युवाओं से रोजगार की चोरी कर रही है।
क्या है पटवारी रिजल्ट का मामला
बता दे एमपी में अभी हुछ दिन पहले हुई पटवारी भर्ती परीक्षा 2022 के रिजल्ट को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। दरअसल, सोमवार को मंडल ने परीक्षा की टॉप 10 सूची जारी की। जिसमें एक ही सेंटर के 7 छात्र शामिल थे। जिसके बाद एमपी युवा कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता गौरव त्रिपाठी ने मामले की शिकायत कर्मचारी चयन मंडल को की, उन्होंने इसमें गड़बड़ी का आरोप लगाया। वहीं इस पूरी भर्ती परीक्षा की जांच की सीबीआई से कराने के लिए मांग की। बता दें कि इस परीक्षा का रिजल्ट 30 जून को आया है और टॉपर 10 की लिस्ट 10 जून को जारी की गई है।

कांग्रेस नेता ने की थी शिकायत
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के नेता गौरव त्रिपाठी ने 11 जुलाई को एग्जाम कंट्रोलर कर्मचारी चयन मंडल को शिकायत की है। उन्होंने लिखा है कि मध्य प्रदेश पटवारी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी किया गया है, जिसमें रिजल्ट में गड़बड़ी होना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने शिकायत में कई बिंदुओं के आधार पर की है।
पटवारियों की नई नियुक्तियों पर शिवराज सरकार के फैसले पर कांग्रेस ने कहा है कि पूरे मामले की जांच CBI से कराई जाएं। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि अब खुद सीएम शिवराज सिंह ने स्वीकार किया है कि पटवारी भर्ती परीक्षा में घोटाला हुआ है, इसीलिए नियुक्ति पर तत्काल रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि जब तक वास्तविक चेहरे बेनकाब नहीं होंगे हम चुप नहीं रहेंगें।












Click it and Unblock the Notifications