MP News: भाजपा में अनुशासनहीनता पर सख्ती: पूर्व जिला अध्यक्ष निष्कासित, महापौरों को नोटिस, विधायकों को चेतावनी
MP BJP News: भाजपा ने मध्य प्रदेश में पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी करने और संगठन तथा सरकार की छवि खराब करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पार्टी ने सतना के पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है, जबकि सागर की महापौर संगीता सुशील तिवारी को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।
इसके अलावा देवास की महापौर गीता अग्रवाल, विधायक प्रदीप पटेल, विधायक प्रीतम लोधी और बीना नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार को भोपाल स्थित प्रदेश मुख्यालय में तलब किया गया था।

भाजपा के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को हुई इस अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत मऊगंज के विधायक प्रदीप पटेल और बीना नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार ने उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा। इनसे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने व्यक्तिगत रूप से चर्चा की।
हालांकि, विधायक प्रीतम लोधी, सागर और देवास की महापौर तलब किए जाने के बावजूद नहीं पहुंचे, जिससे पार्टी में नाराजगी देखी जा रही है।
MP News: सूत्रों के अनुसार, विधायक प्रदीप पटेल को भले ही उन्होंने सफाई दी हो, लेकिन उनके खिलाफ भी नोटिस जारी किया जा सकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी कार्यपद्धति आधारित संगठन है। जनप्रतिनिधि हो या पदाधिकारी, अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी समय-समय पर ऐसी गतिविधियों पर संवाद करती है और हर प्रतिनिधि को पार्टी लाइन का पालन करना होगा। उन्होंने कहा, "आज हमने दोनों विधायकों और मेयर को बुलाया था। कुछ आए, कुछ नहीं आए। लेकिन जो नहीं आए, उनसे भी जल्द बातचीत होगी।"
MP News: देश-हित और सामाजिक मुद्दों पर भी वीडी शर्मा का बयान
प्रदेश अध्यक्ष ने देश के भीतर चल रहे विभिन्न संवेदनशील मामलों पर भी बयान दिया। पाकिस्तान से आए अवैध नागरिकों को लेकर उन्होंने कहा, "पाकिस्तानी नागरिकों को ढूंढ-ढूंढकर देश से बाहर निकाला जाएगा। एक भी नहीं बचेगा। मोदी जी के साथ देश की जनता खड़ी है और सरकार हर तरीके से तैयार है।"
सांसदों और विधायकों के सम्मान पर भी उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, "हम कानून के बल पर नहीं, कर्तव्य और व्यक्तित्व से सम्मान चाहते हैं। हर व्यक्ति को उसके चरित्र और काम के आधार पर ही सम्मान मिलता है।"
धर्मांतरण और "लव जिहाद" जैसे मामलों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस ने SIT गठित कर दी है, और मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "लव जिहादियों को छांट-छांटकर निकाला जाएगा। जहां भी होंगे, बचेंगे नहीं। उनके जीवन को नरक बना देंगे।"












Click it and Unblock the Notifications