भोपाल में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन: मोदी को बताया “महंगाई का डॉक्टर”, गैस सिलेंडर के दामों पर हंगामा
राजधानी भोपाल में बढ़ती महंगाई और घरेलू-कमर्शियल गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर ने आज रोशनपुरा चौराहे पर अनोखा और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को "डॉक्टर" की उपाधि देते हुए तंज कसा और कहा कि केंद्र सरकार आम जनता को रोज "महंगाई का इंजेक्शन" देकर परेशान कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने "महंगाई का इंजेक्शन" लिखे बड़े-बड़े पोस्टर और तख्तियां हाथों में लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस की सदस्याएं और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि घर की शुरुआत चूल्हे से होती है और गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों ने घरेलू बजट को पूरी तरह बिगाड़ दिया है। रसोई गैस आम परिवार की मूल आवश्यकता है, लेकिन इसकी कीमतों में हो रही लगातार बढ़ोतरी से गृहिणियों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग ₹400 के आसपास थी, जो अब बढ़कर करीब ₹920 तक पहुंच गई है। हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में लगभग ₹60 तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में करीब ₹115 की वृद्धि की गई है, जिससे छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण लगातार महंगाई बढ़ रही है और इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।
प्रवीण सक्सेना ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रतीकात्मक रूप से "डॉक्टर" की उपाधि दी गई है, क्योंकि वे रोजाना आम जनता को महंगाई का "डोज" दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने "महंगाई का इंजेक्शन बंद करो", "गैस सिलेंडर सस्ता करो", "जनता की जेब पर डाका बंद करो" जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन में शामिल महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव दीप्ति सिंह ने कहा कि गृहिणियां रोज चूल्हा जलाने के लिए परेशान हैं। गैस सिलेंडर की कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि मध्यमवर्गीय परिवारों को महीने के अंत में राशन की दिक्कत होने लगी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी करनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित शर्मा, युवा कांग्रेस पूर्व जिला अध्यक्ष भोपाल अभिषेक शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया, समस्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पदाधिकारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए।
जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि यदि गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
यह प्रदर्शन भोपाल में बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों के खिलाफ कांग्रेस की ओर से उठाया गया एक मजबूत कदम है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे जनता की आवाज बनकर सरकार तक पहुंचाएंगे और महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications