Bhopal: हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा कराने वाला पहला राज्य बना MP, 32 बुजुर्गों ने प्रयागराज के लिए भरी उड़ान
एमपी के बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा तोहफा दिया। सीएम ने 32 बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों को माला पहनाकर र्फ्लाइट से प्रयागराज की यात्रा के लिए आज रवाना किया है।

आगामी चुनाव से पहले मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार ने एक और बड़ा कीर्तिमान रच दिया है। दरअसल प्रदेश में सरकारी खर्चे पर बुजुर्गों को हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा करवाई जा रही है। आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह 9:45 पर भोपाल एयरपोर्ट से प्रयागराज के लिए 32 बुजुर्गों को हरी झंडी दिखाकर फ्लाइट से रवाना किया। सरकारी खर्चे पर बुजुर्ग यात्रियों को फ्लाइट से यात्रा कराने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है।
सीएम शिवराज खुद बुजुर्गों को छोड़ने भोपाल राजाभोज एयरपोर्ट पहुंंचे। जहां उन्होंने बुजुर्गों को प्रयागराज के लिए रवाना करते हुए कहा कि राम की कृपा से आप तीर्थों के दर्शन करेंगे और हमें व प्रदेश को आपका आशीर्वाद मिलेगा। सीएम ने घोषणा करते हुए कहा कि अगली फ्लाइट में जोड़े से बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। अभी एक परिवार से एक ही जाता है। अगली फ्लाइट में दादा भी जाएंगे और दादी भी साथ जाएगी।
वहीं 32 यात्रियों में शामिल बुजुर्गों ने सीएम शिवराज को आशीर्वाद देते हुए कहा कि हमारा हवाई जहाज में बैठने का सपना मुख्यमंत्री ने पूरा कर दिया। हमने कभी नहीं सोचा था कि कभी हवाई जहाज में बैठकर तीर्थ दर्शन कर पाएंगे। इसके लिए हम मुख्यमंत्री को बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं। यात्रा करते वक्त बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती थी। कई बुजुर्गों ने सीएम शिवराज के सर पर हाथ फेरते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया।
अपर मुख्य सचिव गृह एवं धर्मस्व डॉ राजेश राजौरा ने बताया कि प्रदेश के बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों को रेल मार्ग से यात्रा करने वाला भी पहला राज्य मध्यप्रदेश रहा है और अब हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा कराने वाला भी पहला राज्य बन गया है। प्रयाग राज की तीर्थ यात्रा में कुल 24 पुरुष और 8 महिला बुजुर्ग शामिल है उनके साथ एक अनुरक्षक (एस्कॉर्ट) भी है।
Recommended Video
तीर्थ यात्रियों की मदद के लिए भोपाल एयरपोर्ट पर एक काउंटर भी बनाया गया। ट्रेन से प्रयागराज के तीर्थ दर्शन करने में 4 से 5 दिन का समय लगता है। लेकिन हवाई जहाज से यात्रा करने पर यह सफर मात्र 24 से 36 घंटे में पूरा हो जाएगा। जानकारी के अनुसार अगर निजी खर्च पर भोपाल से प्रयागराज की हवाई यात्रा की जाए तो एक यात्री के एक तरफ से करीब साढ़े ₹3000 खर्च होंगे और दोनों तरफ से ₹7000 खर्च होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications