Bhopal News: केरवा डैम के पास बाघ मूवमेंट की सूचना से लोगों में दहशत का माहौल, वन विभाग गश्त पर
राजधानी के केरवा रोड स्थित मदर बुल फार्म के पास बाघ के मूवमेंट की खबर से एक बार फिर क्षेत्र में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, जैसे ही कर्मचारियों ने वहां पहुंचकर पूछताछ की, बाघ तेजी से वहां से निकल गया।
अब वन विभाग की टीम पगमार्ग (पैटर्न ट्रैकिंग) के जरिए बाघ के मूवमेंट की सर्चिंग कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाघ ने वहां पर कोई गतिविधि की है या नहीं। वन विभाग बाघ के मूवमेंट के बारे में पूरी जानकारी जुटाने में लगी है।

क्षेत्र में आवाजाही पर प्रतिबंध
मदर बुल फार्म के पास बाघ के मूवमेंट के बाद, केरवा और उसके आसपास के क्षेत्र में आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह इलाका बाघों के लिए एक प्रमुख भ्रमण क्षेत्र है, और पिछले कुछ महीनों में यहां बाघ के आने-जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। छह महीने पहले भी इस क्षेत्र में एक बाघ देखा गया था, और बाघ अक्सर सूअर, श्वान, गाय, बछड़े आदि का शिकार करने के लिए यहां आता है।
वन विभाग की सर्तकता
मदर बुल फार्म, जो कि जंगल के पास स्थित है, बाघ के लिए एक सक्रिय भ्रमण क्षेत्र बन चुका है। वन विभाग ने इस क्षेत्र में सुरक्षा के उपायों के तहत जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए हैं, ताकि लोगों को सतर्क किया जा सके। इसके अलावा, कुछ ऐसे मार्ग भी हैं, जहां शाम के बाद आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया जाता है। फिर भी, लोगों का आना-जाना इस क्षेत्र में जारी रहता है, जो कभी-कभी खतरे की स्थिति उत्पन्न कर सकता है।
वन विभाग अब इस पूरे क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों को ट्रैक करने के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर रहा है, ताकि स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications