MP news: मोहान यादव कैबिनेट ने कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी, ब्लॉक में बनेगा वृंदावन गांंव
मोहन यादव की कैबिनेट ने मंगलवार को विभिन्न विकासात्मक प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इनमें हर विकासखंड में वृंदावन ग्राम और शहरी इलाकों में गीता भवन खोलने का प्रस्ताव प्रमुख है। इसके अलावा, मोहासा-बाबई और सीतापुर को इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में डेवलप करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
डिप्टी सीएम और लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र कुमार शुक्ल ने कैबिनेट की बैठक के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वृंदावन ग्राम योजना के तहत हर विकासखंड से एक ग्राम का चयन किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत, दूध उत्पादन, उद्यानिकी और औषधीय खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।

इसके साथ ही गोबर आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने, गौशाला बनाने, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, सामुदायिक शौचालय की व्यवस्था, खेल मैदानों की स्थापना, और लघु वनोपज के संग्रहण को बढ़ावा देने का भी प्रावधान है। पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग इस योजना के विस्तृत निर्देश जारी करेगा और एक गांव के सफल कार्यान्वयन के बाद अन्य गांवों में इसी प्रकार की व्यवस्था शुरू की जाएगी।
मंत्री शुक्ल ने बताया कि गीता भवन सभी नगरीय निकायों में खोले जाएंगे। ये भवन वैचारिक अध्ययन केंद्र के रूप में काम करेंगे और पठन-पाठन की सामग्री प्रदान करेंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी इन भवनों का उपयोग किया जाएगा। नगरीय आवास और विकास विभाग इसके निर्देश जारी करेगा।
ग्वालियर में 28 अगस्त को आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव पर भी चर्चा की गई। इस कॉन्क्लेव में 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के प्रस्ताव आए हैं। मंत्री शुक्ल ने कहा कि रीजनल समिट सागर और रीवा में भी आयोजित की जाएगी, जिससे विकास और निवेश के नए अवसरों को प्रोत्साहित किया जा सके।

सिंचाई और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट में बड़े फैसले: कैबिनेट ने मंजूरी दी
इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। डिप्टी सीएम और लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र कुमार शुक्ल ने जानकारी दी कि मोहासा और सीतापुर में इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट को मंजूरी दी गई है।
मोहासा में रिन्युवल एनर्जी और मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों की स्थापना: मोहासा बाबई में रिन्युवल एनर्जी और मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों की स्थापना के लिए 227 एकड़ जमीन पर 93.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें केंद्र सरकार 60 प्रतिशत और राज्य सरकार 40 प्रतिशत राशि प्रदान करेगी। केंद्र सरकार 56 करोड़ रुपये देगी। इस परियोजना से दस हजार लोगों को रोजगार मिलेगा और दस हजार करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होगा।
सीतापुर में फुटवियर एसेसरीज और डेवलपमेंट पार्क: मुरैना जिले के सीतापुर में 161.7 एकड़ जमीन पर फुटवियर एसेसरीज और डेवलपमेंट पार्क के रूप में विकास किया जाएगा। इस परियोजना पर 111 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यहां लेदर एसेसरीज, बैग्स, और गारमेंट्स का निर्माण होगा। इस परियोजना से 2300 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 3200 लोगों को रोजगार मिलेगा। प्लॉट साइज एक से दो एकड़ के बीच होगी।
इन फैसलों से प्रदेश में सिंचाई और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी, जो न केवल आर्थिक उन्नति को प्रोत्साहित करेगी बल्कि लाखों लोगों को रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी।












Click it and Unblock the Notifications