मध्य प्रदेश में रेल सेवाएं 9वें दिन भी प्रभावित
भेापाल। पश्चिम-मध्य रेलवे के मध्य प्रदेश स्थित भोपाल मंडल के इटारसी जंक्शन पर गुरुवार को भी रेलगाड़ियों का परिचालन सामान्य नहीं हो पाया है। गुरुवार, 25 जून को 51 रेलगाड़ियां रद्द की गई है और इनमें से 12 रेलगाड़ियां 30 जून तक रद्द रहेंगी।

पश्चिम-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी की गई विज्ञप्ति में बताया गया है कि इटारसी जंक्शन के रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) सिग्नल सिस्टम में बीते बुधवार को आग लग गई थी और तब से ही इटारसी स्टेशन से गुजरने वाली गाड़ियों का परिचालन बाधित है। गुरुवार को 51 गाड़ियां रद्द की गई है। 39 रेलगाड़ियां आज के लिए और 12 रेलगाड़ियां 30 जून तक रद्द रहेंगी।
उधर, रेलवे प्रशासन ने 33 अन्य रेलगाड़ियों को 27 से 30 जून तक रद्द किए जाने का फैसला किया है। वहीं, गाड़ी संख्या 12853 दुर्ग-भोपाल और 12854 भोपाल-दुर्ग गुरुवार से 28 जून तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी और गाड़ी संख्या 11464 जबलपुर-सोमनाथ एक्सप्रेस शुक्रवार 26 जून से 30 जून तक परिवर्तित मार्ग कटनी-बीना-भोपाल से होकर चलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications