मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र से पहले सीएम शिवराज सिंह से मिलने पहुंचे कमलनाथ, जानिए वजह
भोपाल। 21 सितंबर से मध्य प्रदेश विधानसभा का सत्र प्रस्तावित है, जो 23 सितम्बर तक चलेगा। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले अचानक पूर्व सीएम कमलनाथ ने सीएम शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की है। कमलनाथ की शिवराज से यह मुलाकात सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच मध्य प्रदेश विधानसभा के तीन दिवसीय सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले विधेयकों को लेकर चर्चा हुई है।

बता दें कि 21 सितंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय मध्य विधानसभा सत्र में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव भी किया जाना है। इस सत्र के दौरान बजट सहित अन्य कई विधेयक पास कराए जाने की भी संभावना है। बताया जा रहा है कि पास होने वाले संभावित विधेयक और बजट को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहार और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बीच यह मुलाकात हुई है।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश विधानसभा का पिछला सत्र 24 मार्च को आयोजित किया गया था। इस सत्र से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया व 22 विधायकों की कांग्रेस से विदाई हो गई थी। कमलनाथ के सत्ता गंवाने के बाद 23 मार्च को शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और 24 मार्च को आयोजित विशेष सत्र में उन्होंने अपना बहुमत साबित किया था। इसके बाद 20 जुलाई से मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र प्रस्तावित था, लेकिन कोरोनो के चलते इस सत्र को रद्द कर दिया गया था। अब 21 अगस्त को विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह की तरह से अधिसूचना जारी की गई थी। जिसमें यह जानकारी दी गई है कि विधानसभा का सातवां सत्र 21 सितंबर से शुरू होकर 23 सितंबर तक चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications