कांग्रेस ने वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर MP को बीमारू राज्य बनाने का किया काम: ज्योतिरादित्य सिंधिया
Rajgarh News: केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस के नेता 2018 के चुनाव में बोलते थे किसान भाई चिंता मत करना, उनकी सरकार आईं तो दस दिन में किसानों का कर्जा माफ कर देंगे। मगर उनके राष्ट्रीय नेता की कथनी और करनी सुनिए 10 दिन गुज़र गए, 30 दिन गुज़र गए और 15 महीने भी गुजर गए, लेकिन आप बताइए किसी का कर्जा माफ हुआ क्या ? 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर मध्यप्रदेश को दोबारा बीमारू राज्य बनाने का कृत्य किया। लेकिन प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनी, आज मध्यप्रदेश देश के विकसित राज्यों में अग्रणी पंक्ति में है।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य ने राजगढ़ जिले के तलेन और सारंगपुर में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित किया। सभा के दौरान तेज बारिश होने के बाद भी केन्द्रीय मंत्री सिंधिया की सुनने के लिए जनसमुदाय एकत्र रहने पर सिंधिया ने कहा की बारिश में भी आप देव तुल्य जनता यहां खड़ी, यहीं भाजपा को सच्चा आशीर्वाद है।

मेरा सौभाग्य की मुझे जनता के आशीर्वाद का मौका मिला
तलेन में तेज बारिश में जनसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि इस जनआशीर्वाद यात्रा में शामिल होने का उन्हें मौका मिला। बारिश में भी आप देव तुल्य जनता यहाँ खड़ी है। ये बारिश नहीं किसानों पर इंद्र देवता अमृत की बारिश कर रहे है। उन्होंने कहा कि नरसिंहगढ व मालवा अंचल से मेरे परिवार का वर्षों पुराना नाता है। सिंधिया परिवार का लक्ष्य राजनीति नहीं, जनसेवा और विकास का है। मुझे गर्व है कि मेरे पूर्वजों व पूज्य पिताजी ने मालवांचल व मध्यप्रदेश के विकास के लिए पूरा जीवन समर्पित किया। आज आपके सामने ज्योतिरादित्य सिंधिया खड़ा है, जो आपको जीवन भर आपकी सेवा करने का वचन देता है।
Recommended Video
यात्रा को मिल रहा ऐतिहासिक जन समर्थन
सिंधिया ने कहा कि ये यात्रा जनआशीर्वाद की यात्रा है। इस यात्रा को जिस तरह से आपका समर्थन मिल रहा है वह अद्वितीय है। सिंधिया ने कहा कि 2003 तक 56 वर्षों मध्यप्रदेश सत्ता में रही, जिसने प्रदेश को बीमारू राज्य बनाकर छोड़ दिया। कांग्रेस के समय किसानों को बिजली नहीं मिलती थी। जनता को मात्र 4 घंटे ही बिजली मिलती थी। 2003 तक मात्र 5 हज़ार मेगावॉट बिजली का उत्पादन था। उसी मध्यप्रदेश में आज 18 वर्षों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सुशासन की बदौलत साढ़े 28 हज़ार मेगावॉट बिजली का उत्पादन बढ़ा है।

सिंधिया ने कहा कि जब कांग्रेस के शासन में कोरोना आया था तो कांग्रेस के मुख्यमंत्री के पास कोरोना का प्रबंधन करने के लिए समय नहीं था। आइफा अवार्ड लिए वें इंदौर चले गए। बाएं तरफ अभिनेता और दाई तरफ़ अभिनेत्री और बीच में कमलनाथ जी। वो तो शिवराज जी और भाजपा के योद्धा कार्यकर्ता है, जिन्होंने जी-जान लगाकर कोरोना काल में लोगों की मदद की। ऑक्सिजन का सिलेंडर लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरक्यूलिस विमान रायपुर भेजा। अगर कांग्रेस होती ये संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि जिस देश को झोली फैलाकर विदेशी देशों के सामने भीख मांगना पड़ता था । स्मालपॉक्स का वैक्सीन, बीसीजी का वैक्सीन भारत मे 10 साल बाद आता था। उसी देश से कोरोनाकाल में पीएम मोदी के नेतृत्व में दो-दो कोरोना वैक्सीन का अविष्कार हुआ। इसी वैक्सीन से लोगों की जान बची।

कांग्रेस आई तो किसान सम्मान निधि और लाडली बहना योजना बंद हो जाएगी
सिंधिया ने कहा कि एक समय होता था, तब कांग्रेस के प्रधानमंत्री कहते थे वो 1 रुपया भेजते हैं तो जनता तक 15 पैसा ही पहुंचता है। मगर आज केंद्र की सरकार अगर 1 रुपया भेजती है तो पूरा एक रुपया हितग्राहियों के खाते में पहुंचता है। इसलिए हमारे पीएम नरेंद्र मोदी कहते हैं न खाऊंगा न किसी को खाने दूंगा। वहीं कांग्रेसी कहते हैं कि हम खाएंगे भी और खाने भी देंगे। सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस का गरीबों से कोई नाता नहीं है, प्रदेश में 15 महीने रही कांग्रेस सरकार ने गरीबों से उनका हक़ छीना। अगर कांग्रेस की सरकार आई तो किसान सम्मान निधि और लाडली लक्ष्मी योजना बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहनों को 1500 रूपए देने की बात करती है। जिस कांग्रेस ने सत्ता में आते ही आशा कार्यकर्ताओं के वेतन से 1500 रूपए काट लिए, वो क्या बहनों के साथ इंसाफ करेंगे।
जिले की पांचों सीटों पर भाजपा को जिताकर धोखेबाज कांग्रेसियों को सबक सिखाएं
सिंधिया ने सारंगपुर में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सारंगपुर की जनता मेरा परिवार है। इस क्षेत्र में उनके परिवारजनों ने समय बिताया है। आज यात्रा में यहां की जनता का स्नेह और प्रेम पाकर अभिभूत हूं। उन्होंने कहा कि मेरे लिए राजनीति जनसेवा, जनता की तरक्की और प्रगति का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने इस क्षेत्र के विकास के लिए मोहनपुरा में 4 हजार करोड का बांध बनाया। यह बांध इस पीढी के लिए ही नहीं आने वाली हर पीढी के लिए प्रगति का वाहक होगा। इस बांध से क्षेत्र में समृद्धि आयेगी। उन्होंने कहा कि राजगढ की पांचों सीटों पर भाजपा को जिताकर धोखेबाज कांग्रेसियों को सबक सिखाना है।












Click it and Unblock the Notifications