MP News: IAS संतोष वर्मा का बयान, क्या कहा और कैसे वायरल हुआ, अब जानिए सरकार की इतनी सख्त कार्रवाई का पूरा सच!
MP News: मध्य प्रदेश में वरिष्ठ IAS अधिकारी संतोष कुमार वर्मा (Santosh Verma) का एक बयान इन दिनों प्रशासनिक गलियारों से लेकर राजनीतिक मंचों और सोशल मीडिया तक तीखी बहस का कारण बना हुआ है।
मामला सिर्फ एक बयान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब यह सवाल खड़ा कर रहा है कि क्या एक सेवारत IAS अधिकारी को सामाजिक और संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर बोलने का अधिकार है? और अगर है, तो सरकार उनके खिलाफ इतनी कड़ी कार्रवाई क्यों कर रही है?

आखिर IAS संतोष वर्मा ने क्या कहा था?
पूरा मामला 23 नवंबर 2025 का है। भोपाल के अंबेडकर मैदान में अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (AJJAKS) का प्रांतीय अधिवेशन आयोजित हुआ था। इसी अधिवेशन में संतोष वर्मा को संगठन का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम के दौरान आरक्षण नीति पर चर्चा करते हुए वर्मा ने कहा: "एक परिवार में एक व्यक्ति को आरक्षण मिलना चाहिए, लेकिन जब तक कोई ब्राह्मण अपनी बेटी मेरे बेटे को दान न कर दे या उससे संबंध न बना ले, तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए - अगर बात सिर्फ आर्थिक स्थिति की है।"
संतोष वर्मा आदिवासी वर्ग से आते हैं और लंबे समय से सामाजिक संगठनों से जुड़े रहे हैं। उनका दावा है कि यह टिप्पणी 'रोटी-बेटी व्यवहार' और सामाजिक समरसता के संदर्भ में थी, न कि किसी समाज या वर्ग को अपमानित करने के उद्देश्य से।
बयान कैसे वायरल हुआ?
- कार्यक्रम के दौरान पूरे भाषण का वीडियो रिकॉर्ड किया गया था, लेकिन विवाद की जड़ बना:
- 24-25 नवंबर को वायरल हुआ 7-10 सेकंड का छोटा वीडियो क्लिप
- क्लिप में पूरा संदर्भ नहीं, बल्कि सिर्फ
- "ब्राह्मण अपनी बेटी दान कर दे" वाला हिस्सा
- X (ट्विटर), फेसबुक और व्हाट्सएप पर तेजी से शेयर
इसके बाद ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों ने इस बयान को अपमानजनक, जातिवादी और अस्वीकार्य बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला राजनीतिक और प्रशासनिक बहस में बदल गया।
विवाद बढ़ा तो संतोष वर्मा ने क्या सफाई दी?
विवाद गहराने के बाद IAS संतोष वर्मा ने वन इंडिया हिंदी से बातचीत में अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा: "मेरा इरादा किसी समाज या बेटियों का अपमान करने का नहीं था। 'कन्यादान' शब्द सामाजिक व्यवहार के संदर्भ में कहा गया था। अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं खेद प्रकट करता हूं।" वर्मा ने यह भी कहा कि उनका पूरा भाषण करीब 14 मिनट का था, लेकिन विरोधियों ने जानबूझकर 14 सेकंड का क्लिप काटकर वायरल किया, जिससे एक वर्ग को उनके खिलाफ भड़काया जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि "अगर फिर भी मेरी बात से किसी समाज की भावना आहत हुई है, तो मैं उसके लिए माफी मांगता हूं। मेरा बयान अंतरजातीय विवाह और सामाजिक समरसता के समर्थन में था, जिसके लिए सरकार खुद प्रोत्साहन राशि देती है।" वर्मा ने यह तर्क भी दिया कि RSS प्रमुख मोहन भागवत समेत कई सार्वजनिक मंचों से अंतरजातीय विवाह और सामाजिक समरसता की बात कही जाती रही है।
सरकार ने क्या कार्रवाई की?
- विवाद बढ़ने के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया। अब तक की कार्रवाई में:
- संतोष वर्मा को कृषि विभाग के प्रमुख पद से हटाया गया
- उन्हें प्रशासनिक रूप से 'पूल' में अटैच किया गया
- उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
- सूत्रों के मुताबिक, बर्खास्तगी की सिफारिश केंद्र सरकार को भी भेजी गई है
सरकार कार्रवाई क्यों कर रही है?
सरकार ने अपनी कार्रवाई का आधार All India Services (Conduct) Rules, 1968 को बताया है। इन नियमों के मुताबिक, कोई भी सेवारत IAS अधिकारी:
- विवादित सामाजिक या संवेदनशील मुद्दों पर
- सार्वजनिक मंच से खुली राय
- ऐसी भाषा या बयान, जिससे प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठे या सामाजिक तनाव पैदा हो, नहीं दे सकता।
सरकार का तर्क है कि:
- बयान सार्वजनिक मंच से दिया गया
- उसका असर बड़े और संवेदनशील समाज पर पड़ा
- इससे प्रशासनिक मर्यादा और तटस्थता प्रभावित हुई
- तो क्या IAS संतोष वर्मा गलत थे?
- इस सवाल का जवाब सीधे "हां" या "नहीं" में देना मुश्किल है।
सामाजिक दृष्टि से:
- सामाजिक मुद्दों पर संवाद करना गलत नहीं
- IAS अधिकारी भी समाज का हिस्सा होते हैं
- कई वरिष्ठ अधिकारी सेमिनार, लेख और पुस्तकों के माध्यम से सामाजिक विषयों पर राय रखते रहे हैं
प्रशासनिक और कानूनी दृष्टि से:
- बयान का मंच, समय और शब्द चयन
- सोशल मीडिया पर उसका व्यापक असर
- और उससे उपजा सामाजिक तनाव
- सेवा नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में आ सकता है
अब आगे क्या?
IAS संतोष वर्मा का बयान भावनात्मक या सामाजिक बहस के स्तर पर पूरी तरह गलत नहीं कहा जा सकता, लेकिन एक सेवारत वरिष्ठ IAS अधिकारी से जिस स्तर की सावधानी, संतुलन और मर्यादा की अपेक्षा होती है, वह इस मामले में कमजोर पड़ती दिखी। अब यह विवाद केवल एक बयान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है IAS अधिकारियों की अभिव्यक्ति की सीमा क्या होनी चाहिए? और "सामाजिक संवाद और प्रशासनिक अनुशासन के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए?
तो विरोध क्यों हो रहा है? इसके पीछे की पूरी कहानी समझना जरूरी
अब सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा होता है कि जब IAS अधिकारी संतोष वर्मा के बयान में ऐसा कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं था, जिससे दो वर्गों के बीच टकराव हो या सामाजिक बंटवारा पैदा हो, तो फिर ब्राह्मण समाज और श्रवण समाज के लोग उनके बयान का विरोध क्यों कर रहे हैं? असल में इसके पीछे केवल एक बयान नहीं, बल्कि आरक्षण को लेकर वर्षों से चला आ रहा सामाजिक असंतोष और वैचारिक टकराव छिपा हुआ है।
दरअसल, ब्राह्मण समाज और श्रवण समाज के कई संगठन लंबे समय से यह मांग करते रहे हैं कि आरक्षण जाति के आधार पर नहीं, बल्कि आर्थिक आधार पर दिया जाना चाहिए। उनका तर्क है कि आज के समय में गरीबी हर समाज में है और केवल जाति के आधार पर आरक्षण देना न्यायसंगत नहीं है।
वहीं दूसरी ओर, SC-ST और OBC वर्गों को आरक्षण मिलने के पीछे की ऐतिहासिक और सामाजिक पृष्ठभूमि बिल्कुल अलग है। इन वर्गों को आरक्षण इसलिए दिया गया, क्योंकि:
- वे सदियों तक सामाजिक भेदभाव और वंचना का शिकार रहे
- शिक्षा, प्रशासन और सत्ता में उनकी भागीदारी बेहद कम रही
- आर्थिक पिछड़ापन, सामाजिक भेदभाव से जुड़ा हुआ था
- यही वजह है कि संविधान निर्माताओं ने सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ेपन को आरक्षण का आधार बनाया।
बहुजनों की संख्या और राजनीतिक हकीकत
यह भी एक सच्चाई है कि देश और राज्यों में बहुजन वर्ग की संख्या अधिक है। लोकतंत्र में संख्या का असर नीतियों पर पड़ता है, इसलिए सरकारें भी सामाजिक न्याय से जुड़ी योजनाओं और आरक्षण पर ज्यादा ध्यान देती हैं। यह स्थिति लंबे समय से सामान्य वर्ग के कुछ संगठनों में असंतोष का कारण रही है।
बयान नहीं, सोच का टकराव बना मुद्दा
विश्लेषकों का मानना है कि संतोष वर्मा का बयान इस पूरे विवाद का कारण नहीं, बल्कि बहाना बन गया। उनके बयान को लेकर:
- आरक्षण विरोधी सोच को एक नया मुद्दा मिल गया
- सामाजिक समरसता की बात को अलग अर्थ में पेश किया गया
- "ब्राह्मण बेटियों के अपमान" जैसे भावनात्मक मुद्दे से इसे जोड़ दिया गया
- यही वजह है कि बयान को सामाजिक समरसता या अंतरजातीय विवाह के संदर्भ से हटाकर सम्मान और अस्मिता के सवाल से जोड़ दिया गया।
समझिए असली तस्वीर, असल टकराव:
आरक्षण की मूल अवधारणा को लेकर है। जाति बनाम आर्थिक आधार की बहस को लेकर है और समाज के अलग-अलग वर्गों में मौजूद पुराने असंतोष को लेकर है। संतोष वर्मा का बयान इस पूरी बहस में चिंगारी जरूर बना, लेकिन आग पहले से ही सुलग रही थी। यही वजह है कि एक प्रशासनिक बयान अब सामाजिक विमर्श और राजनीतिक बहस का रूप ले चुका है।
( सीनियर रिपोर्ट: वनइंडिया हिंदी संवाददाता L.N. Malviya)












Click it and Unblock the Notifications