इंजीनियर ने नौकरी छोड़कर बनाया चोर गिरोह, रात को मोबाइल चुराता, दिन में दुकान पर बैठकर बेचता
भोपाल। मध्य प्रदेश में मोबाइलों की दुकान से चोरी के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। चोर गिरोह का सरगना एक इंजीनियर निकला है, जिसने चोरी के बेचने के लिए बाकायदा दुकान खोल रखी थी। इंजीनियर के साथ ही बागसेवनिया और कटारा हिल्स पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ा है।

कम कीमत पर बेचते थे मोबाइल
भोपाल एसपी साउथ साईं कृष्णा ने बताया कि अजय बागसेवनिया में फोन रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। इसी दुकान से ही चारों की दोस्ती हुई थी। कुछ समय पहले इस गैंग ने एक मोबाइल शॉप से 15 फोन चुराए थे। आरोपियों ने अजय की दुकान से चोरी के फोन कम कीमत में बेचने शुरू कर दिए। सूचना पाकर पुलिस ने एक फ्लैट पर दबिश दी। वहां बागसेवनिया निवासी 20 वर्षीय अंकित गुजरे, संदीप सिंह, अजय उईके और एक नाबालिग मिला, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी अंकित प्लास्टिक इंजीनियरिंग का डिप्लोमा कर चुका है।

पुणे में करता था नौकरी
कुछ समय पहले वह पुणे की कंपनी में नौकरी करता था। वहां अंकित अपनी मौसी के साथ ही रहता था। इस दौरान उसने उनके जेवर ही चुरा लिए थे। इसके बाद मौसी ने उसे साथ रखने से मना कर दिया। पुणे से लौटने के बाद उसने भोपाल आकर चोरी की अपनी एक गैंग ली।

चोरी की आठ वारदात कबूलीं
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की आठ वारदात कबूल कीं। उनके कब्जे से पुलिस ने करीब सात लाख का माल जब्त किया है। नाबालिग को छोड़कर बाकी तीनों आरोपियों की हिस्ट्रीशीट भी तैयार की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications